कानपुर में 15 इंटर कॉलेजों में बनेंगी व्यावसायिक लैब, नौवीं से 12वीं तक के छात्र सीखेंगे हुनर
कानपुर में माध्यमिक शिक्षा विभाग 15 इंटर कॉलेजों में व्यावसायिक लैब स्थापित कर रहा है। इसका उद्देश्य नौवीं से 12वीं ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कानपुर के 15 इंटर कॉलेजों में बनेंगी आधुनिक व्यावसायिक लैब।
नौवीं से 12वीं तक के छात्रों को मिलेगा रोजगारपरक प्रशिक्षण।
इंडस्ट्री की मांग अनुसार कौशल से छात्र बनेंगे आत्मनिर्भर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। उद्योगों में हुनरमंद युवाओं की मांग है। इसे दृष्टिगत रखते हुए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों में हुनर निखारने की पहल की गई है। माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत जिले के 15 इंटर कॉलेज में व्यावसायिक लैब स्थापित होंगी। इनमें पांच राजकीय और 10 एडेड माध्यमिक कॉलेज शामिल हैं।
विभाग ने इसके लिए 75 लाख रुपये का बजट आवंटित कर दिया है। जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लैब के लिए उपकरणों की खरीद होगी। विभाग का उद्देश्य कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों को पढ़ाई के साथ रोजगारपरक बनाना है।
इन लैब में इलेक्ट्रॉनिक एंड हार्डवेयर, रिटेल, मैनेजमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी और आईटी सेक्टर की मांग के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। इंडस्ट्री की जरूरत के हिसाब से छात्रों में प्रोफेशनल स्किल विकसित होगी, जिससे 12वीं के बाद उन्हें रोजगार में मदद मिलेगी।
राजकीय हाईस्कूल, रायगोपालपुर में इलेक्ट्रॉनिक एंड हार्डवेयर व रिटेल, राजकीय हाईस्कूल बैकुंठपुर में रिटेल स्टोर्स आपरेशंस व आईटी, राजकीय हाईस्कूल में मैनेजमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिपप एंड प्राेफेशनल स्किल्स व रिटेल, राजकीय हाईस्कूल में टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी व आईटी, राजकीय हाईस्कूल, ककरहिया में आईटी व रिटेल कोर्स आवंटित किया गया है।
एडेड श्रेणी में हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज, बीएनएसडी इंटर कॉलेज, रामसहाय बैरी इंटर कॉलेज, बीपीएमजी इंटर कॉलेज, एसएन सेन बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज, सिद्दीक फैज ए आम इंटर कॉलेज, एसएनएसडी इंटर कॉलेज सरसौल, केवीएम इंटर कॉलेज, क्राइस्ट चर्च इंटर कॉलेज व बिल्हौर इंटर कॉलेज में आईटी व रिटेल कोर्स आवंटित किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि योजना में पांच राजकीय और 10 एडेड माध्यमिक कॉलेज को शामिल किया गया है। जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर लैब के लिए आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे। दिसंबर तक लैब को क्रियाशील करने का लक्ष्य है।
15 लैब से छात्रों को 5 बड़े फायदे
- पढ़ाई के साथ रोजगार- नौवीं से ही स्किल सीखेंगे। 12वीं के बाद नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
- इंडस्ट्री रेडी स्किल- इलेक्ट्रॉनिक, रिटेल, आईटी, टूरिज्म जैसे पांच मांग वाले सेक्टरों की ट्रेनिंग, जो बाजार में चल रहा है वही सिखाया जाएगा।
- स्वरोजगार का रास्ता- प्रबंधन व उद्यमिता सीखकर खुद का छोटा व्यवसाय शुरू कर सकेंगे।
- कम खर्च में प्रोफेशनल पढ़ाई- सरकारी इंटर कॉलेज की लैब में वही प्रैक्टिकल जो प्राइवेट में मोटी फीस देकर मिलती है।
- ड्राप आउट रुकेगा- किताबी बोझ से हटकर प्रैक्टिकल काम में रुचि बढ़ेगी, छात्र स्कूल से जुड़े रहेंगे। ड्राप आउट घटेगा।
