विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र में IIT से नौबस्ता तक शुरू होगी कानपुर मेट्रो, PMO से मिली हरी झंडी; जानें रूट और किराया

Published: Sun, 27 Sep 2026 09:45 AM (IST)Updated: Sun, 27 Sep 2026 09:49 AM (IST)

कानपुर मेट्रो का सेंट्रल से नौबस्ता तक का संचालन अगले महीने नवरात्र में शुरू होगा, जिसे पीएमओ से हरी झंडी मिल गई है।

कानपुर मेट्रो

कानपुर मेट्रो

HighLights

  1. नवरात्र में कानपुर मेट्रो का नौबस्ता तक संचालन शुरू होगा।

  2. पीएमओ से हरी झंडी मिलने के बाद तैयारियां तेज, स्टाफ तैनात।

  3. 10 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ, बदलेगा परिवहन।

जागरण संवाददाता, कानपुर। शहर के दक्षिण वालों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। अगले महीने नवरात्र के शुरूआती दौर में दक्षिण क्षेत्र के नौबस्ता तक मेट्रो रेल संचालन प्रारंभ हो जाएगा। मेट्रो रेल के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से कुछ दिन पहले इंडिकेशन (संकेत) मिल गया है।

अब सेंट्रल से नौबस्ता तक चलने वाली मेट्रो को जल्द ही रफ्तार मिलने का दावा मेट्रो अधिकारी करने लगे हैं। उनका कहना है कि अगले महीने नवरात्र के प्रारंभ में मेट्रो का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। जिससे लोग बिना किसी बाधा के सीधे आईआईटी से नौबस्ता तक का सफर मेट्रो से तय कर सकेंगे।

पीएमओ से हरी झंडी मिलने के बाद अब यूपीएमआरसी उद्घाटन समारोह की अंतिम रूपरेखा तैयार करने में जुट गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्टेशनों पर साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं की री-चेकिंग का शुरू हो गया है।

वर्तमान में सेंट्रल से नौबस्ता तक सभी सात स्टेशनों पर स्टेशन कंट्रोलर, दो गार्ड, दो सफाई कर्मी तैनात हो गए हैं। मेट्रो रेल चलने से पहले ही रात-दिन की दोनों शिफ्ट में स्टाफ की संख्या बढ़ाकर 150 कर्मी तैनात किए जाने की योजना बन रही है।

नौबस्ता तक मेट्रो चलने से बदल जाएगा शहर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम

मेट्रो का यह विस्तार शहर के ट्रांसपोर्टेशन इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। अब तक मेट्रो सेवा आईआईटी से सेंट्रल स्टेशन तक ही सीमित थी, लेकिन सेंट्रल से नौबस्ता तक के करीब 7 किमी लंबे इस नए हिस्से के जुड़ने से शहर का दक्षिणी क्षेत्र पूरी तरह मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएगा।

इस रूट के चालू होने से मुख्य रूप से किदवई नगर, बसंत विहार, बारादेवी और नौबस्ता जैसे घने आवासीय और व्यापारिक क्षेत्रों के 10 लाख से अधिक लोगों को दैनिक यात्रा में लाभ मिलेगा। नौबस्ता और आसपास के इलाकों से रेलवे स्टेशन या आईआईटी की तरफ जाने वाले लोगों को अब घंटों लंबे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से नहीं जूझना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- भागलपुर, जमालपुर, पटना, कानपुर होकर दिल्ली जाने के लिए स्पेशल ट्रेन; गांधीधाम के लिए भी मिली रेलगाड़ी, शेड्यूल जारी

मेट्रो कॉरिडोर-एक का नया सफर

  • कुल दूरी (आईआईटी से नौबस्ता) : लगभग 23.50 किमी।
  • कुल स्टेशन : 21 स्टेशन (झकरकटी व ट्रांसपोर्ट नगर भूमिगत)।
  • कुल सफर का समय : 40 मिनट।
  • अधिकतम किराया : 60 रुपये।-

रूट पर बने हैं सात नए आधुनिक स्टेशन

  • भूमिगत स्टेशन : झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर। झकरकटी बस अड्डे के पास स्टेशन होने से बाहरी जनपदों से आने वाले यात्रियों को सीधे मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।
  • एलिवेटेड स्टेशन : रैंप से बाहर आते ही बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता टर्मिनल स्टेशन हैं।


सेंट्रल से नौबस्ता तक भी मेट्रो का संचालन नवरात्र में शुरू होने की पूरी उम्मीद है। आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की ओर से तैयारी करने के निर्देश भी मिल गए हैं। सेंट्रल से नौबस्ता रूट पर मेट्रो सेवा शुरू होने से शहर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम पूरी तरह बदल जाएगा। इससे दैनिक यात्रियों की संख्या 20-25 हजार से बढ़कर 70 हजार से एक लाख प्रतिदिन से अधिक होने की उम्मीद है।

                                               पंचानन मिश्र, जनसंपर्क अधिकारी-यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन