रिजवान की गिरफ्तारी के बाद बदला ड्रग सिंडिकेट, UP और मुंबई में मेफेड्रोन तस्करी की कमान अरबाज व हसीन के हाथ
ड्रग माफिया खय्याम के दाहिने हाथ रिजवान के जेल जाने के बाद सिंडिकेट में बदलाव आया है। अब अरबाज कट्टा और हसीन ने उत्तर प्रदेश व मुंबई में मेफेड्रोन की तस्करी का जिम्मा संभाला है।

मुंबई के ड्रग्स माफिया खय्याम के दाहिने हाथ रिजवान के जेल जाने के बाद साथी हुए सक्रिय। जागरण
HighLights
रिजवान की गिरफ्तारी के बाद खय्याम सिंडिकेट में बदलाव।
अरबाज और हसीन ने संभाला मेफेड्रोन तस्करी का काम।
जालौन में मेफेड्रोन फैक्ट्री पकड़ी, करोड़ों की ड्रग्स बरामद।
जागरण संवाददाता, कानपुर। अंडरवर्ल्ड डान दाउद इब्राहिम के रिश्तेदार व मुंबई के ड्रग माफिया खयामुद्दीन उर्फ खय्याम के दाहिने हाथ रिजवान के जेल जाने के बाद सिंडिकेट में बदलाव आ गया। अब ड्रग्स तस्करी के सिंडिकेट के अरबाज कट्टा और साथी हसीन ने उत्तर प्रदेश के जिलों व मुंबई में मेफेड्रोन की तस्करी का काम संभाल लिया है।
अरबाज और हसीन बाबूपुरवा, मछरिया, कर्नलगंज, जाजमऊ समेत क्षेत्रों के गुर्गों को शामिल कर उनके जरिए बाइक, कार, रोडवेज और ट्रेन से मेफेड्रोन की तस्करी करा रहे हैं, लेकिन गुर्गों को ये नहीं पता होता था कि वह कौन सा ड्रग्स सप्लाई करने जा रहे हैं। खय्याम 28 अक्टूबर को एक शादी में शामिल होने परिवार संग बाबूपुरवा आया था।
पुलिस को रिजवान के मोबाइल फोन में उसकी टिकट भी मिली थी। पुलिस अब तक रिजवान, नजमुद्दीन, शाहजहांपुर के हाजिद अली, फर्रुखाबाद के रेहान कुरैशी और ऋषभ को जेल भेज चुकी है, जिनके पास से 750 ग्राम मेफेड्रोन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 7.50 करोड़ बताई गई है।
जालौन के एरी रमपुरा गांव में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) व आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर गुलाब जल की आड़ में मेफेड्रोन ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़ी थी। यहां से महाराष्ट्र के संतोष आदिके उर्फ संतोष गावड़े व हमीरपुर के हेमेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में सामने आया था कि इस गिरोह का सरगना मूलरूप से बिहार के मोतिहारी व हाल पता मुंबई के धारावी निवासी खय्याम है, जिसका दाहिना हाथ बाबूपुरवा निवासी रिजवान अहमद और उसके साथी गिरोह संचालित करते हैं।
यह भी पढ़ें- AI और क्वांटम के खतरों से कैसे बचेगा यूपी? लखनऊ में साइबर सुरक्षा रोडमैप पर हुआ मंथन
वही लोग फैक्ट्री में दिल्ली से विभिन्न केमिकल मंगवाकर मेफेड्रोन बनवाकर विभिन्न राज्यों में सप्लाई कराते हैं। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कानपुर का अरबाज खय्याम के इशारे पर अपने गुर्गों से तस्करी करा रहा है। अब तक खय्याम व उसके खास साथी अरबाज, हसीन पकड़ से दूर हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।