Kanpur News: आज शाम से बंद हो जाएंगे ये रास्ते, यातायात व्यवस्था में हुआ बड़ा बदलाव, इन मार्गों को किया गया परिवर्तित
आरसी होटल की तरफ से कर्नलगंज चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को हर्ष नगर पेट्रोल पंप से दाहिने मुड़कर ब्रह्मनगर चौराहा रामबाग चौराहा होते हुए निकलना होगा। शब-ए-बरात के चलते रविवार शाम सात बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। लालइमली से बकरमंडी ढाल आरसी होटल की ओर जाने वाले वाहनों को चुन्नीगंज चौराहा से दाहिने मुड़कर शनिदेव चौराहा होकर निकलना होगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। शब-ए-बरात के चलते रविवार शाम सात बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
ऐसी रहेगी यातायात व्यवस्था
-आरसी होटल की तरफ से कर्नलगंज चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों को हर्ष नगर पेट्रोल पंप से दाहिने मुड़कर ब्रह्मनगर चौराहा, रामबाग चौराहा होते हुए निकलना होगा।
- ग्वालटोली तिराहा से बकरमंडी ढाल होकर आरसी होटल की ओर जाने वाले वाहनों को कर्नलगंज बस अड्डा तिराहा से शनिदेव मंदिर के दाहिने मुड़कर छह बंगलिया होते हुए निकलना होगा।
- लालइमली से बकरमंडी ढाल, आरसी होटल की ओर जाने वाले वाहनों को चुन्नीगंज चौराहा से दाहिने मुड़कर शनिदेव चौराहा होकर निकलना होगा।
- यतीमखाना से बकरमंडी ढाल, आरसी होटल की ओर जाने वाले वाहनों को कायस्थाना चौराहा से दाहिने मोड़कर लालइमली चौराहा से निकलना होगा।
अतिक्रमण और जाम मुक्त होगी भौंती से विजय नगर की सड़क
शहर के प्रवेश द्वारों को संभालने की दिशा में शुरू हुए कार्यों के साथ भौंती से विजय नगर तक की छह किमी सड़क भी अतिक्रमण और जाम से मुक्त होगी। फुटपाथ के अवरोध हटेंगे, जबकि सड़क चौड़ी करने के साथ गड्ढे भरे जाएंगे। डिवाइडर और किनारों पर हरियाली होगी और सचेंडी की ओर से आकर भौंती से जैसे ही विजय नगर की तरफ चलने के लिए मुड़ेंगे तो प्रवेश द्वार आकर्षित करेगा।
प्रवेश द्वार पर पेंटिंग व शहर की ऐतिहासिक, पौराणिक व पर्यटन से जुड़ी विरासतों को उकेरा जाएगा। मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने शहर में कार्यभार संभालने के बाद से ही दूसरे जिलों से शहर आने वाले रास्तों पर प्रवेश द्वारों को संवारने के लिए काम आगे बढ़ाया था। इसमें जाजमऊ, रामादेवी, आइआइटी व नौबस्ता क्षेत्र में काम कराए जाने हैं।
जाजमऊ से मालरोड से चुन्नीगंज तक सड़क-चौराहों पर कलेवर बदलने की दिशा में काम शुरू हो चुका है। वीआइपी रोड से घंटाघर रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण, बाधा बने बिजली के खंभे, तार भूमिगत करने की कार्ययोजना बन चुकी है। इसी तरह भौंती के स्टील अथारिटी आफ इंडिया के पास से पनकी पड़ाव, भाटिया तिराहा होते हुए विजय नगर जाने वाली सड़क को बेहतर करने की कार्ययोजना बनाई गई है।
इससे सचेंडी, भौंती, पनकी, अर्मापुर, गंगागंज, विजय नगर समेत आसपास की 15 लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा, जबकि प्रतिदिन आसपास के जिलों से शहर आने वाले लोग भी लाभान्वित होंगे। फिलहाल एक साल में काम पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। केस्को, नगर निगम, केडीए व लोक निर्माण विभाग के समन्वय से काम कराए जाएंगे।
ये दिक्कतें होंगी दूर
- कानपुर-इटावा हाईवे से भौंती के पास से शहर के लिए प्रवेश का रास्ता चौड़ा होगा।
- पनकी पड़ाव व भाटिया तिराहा के पास वाहनों का उलझाव रोकने को अतिक्रमण हटेगा।
- सुबह लगने वाली मौरंग मंडी को व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे हादसे रुक सकें।
- 206 बिजली खंभों को व्यवस्थित कर मार्ग प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
- 90 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे केबल, तार और उपकरण हटाने के लिए।
- 6 किलोमीटर के दायरे में 32 करोड़ रुपये खर्च कर संवारी जाएगी सूरत।
भौंती से विजय नगर तक सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ ठीक करने के साथ गड्ढे भरे जाएंगे। भौंती प्रवेश द्वार से ही चित्रों के जरिये शहर की ऐतिहासिकता, पौराणिकता की कहानी बताई जाएगी। साथ ही मार्ग प्रकाश, डिवाइडर व हरियाली विकास की नई इबारत लिखेंगे। -अमित गुप्ता, मंडलायुक्त।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।