कानपुर में मंधना-गंगा बैराज मार्ग पर 7 करोड़ से लगेंगी 575 आकर्षक लाइटें, बिठूर पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
कानपुर के मंधना-गंगा बैराज मार्ग पर 7 करोड़ रुपये की लागत से 9 किलोमीटर में 575 जगुआर लाइटें लगाई जाएंगी। ...और पढ़ें

HighLights
मंधना-गंगा बैराज मार्ग पर करीब नौ किलोमीटर तक लगाई जाएंगी लाइटें
बैराज चौकी से ब्लू वर्ल्ड तिराहे तक 575 जगुआर लाइटें लगाई जाएंगी
संवाद सहयोगी, बिठूर (कानपुर)। कानपुर से बिठूर आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों को अब रात में अंधेरे का सामना नहीं करना पड़ेगा। मंधना-गंगा बैराज मार्ग पर करीब नौ किलोमीटर तक प्रकाश की व्यवस्था की जा रही है। बैराज चौकी से ब्लू वर्ल्ड तिराहे तक 575 जगुआर लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए शासन ने करीब सात करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। कार्य पूरा होने के बाद पूरा मार्ग रात में रोशनी से जगमगाता नजर आएगा।
बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने बताया कि मार्ग पर लाइटें लगाने का काम जल्द शुरू होगा नौ किलोमीटर में 575 जैगमार लाइटें लगाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य की जिम्मेदारी कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) को दी गई है। लाइट लगाने का काम दिल्ली की एक कंपनी को मिला है। इससे देर रात बिठूर आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में मार्ग के कई हिस्सों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
गंगा बैराज से बिठूर तक चौड़े मार्ग के साथ बेहतर प्रकाश व्यवस्था होने से धार्मिक और पर्यटन स्थल बिठूर की राह और आसान होगी। ब्रह्मावर्त घाट, वाल्मीकि आश्रम, गणेश मंदिर, ध्रुव टीला, नाना राव पेशवा स्मारक, साईं मंदिर, पीतांबरा मंदिर, वाटर पार्क समेत ऐतिहासिक स्थलों और मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को रात में आवागमन में सहूलियत मिलेगी। विधायक ने कहा कि सड़क, प्रकाश और अन्य सुविधाओं के विस्तार से बिठूर में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और शहर से आने वाले पर्यटकों का आवागमन भी सुगम होगा।
