Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर में कब तक बनकर तैयार होगा जैपुरिया और दादानगर पुल? इंजीनियरों ने दिया बड़ा अपडेट

    कानपुर में जैपुरिया और दादा नगर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। लगभग सवा सौ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इन आरओबी का 90% काम पूरा हो गया है। सेतु निगम ने जून तक दोनों आरओबी को पूरा करने का लक्ष्य रखा है जिससे शहर के दक्षिणी क्षेत्र और उन्नाव के बीच आवागमन सुगम होगा और जाम से निजात मिलेगी।

    By ritesh dwivedi Edited By: Abhishek Pandey Updated: Sun, 27 Apr 2025 03:19 PM (IST)
    Hero Image
    दो माह में जैपुरिया और दादानगर पुल बनकर होंगे तैयार,रैंप बनाने का काम शुरू

    जागरण संवाददाता, कानपुर। शहर के दक्षिण क्षेत्र के साथ ही कानपुर से उन्नाव को जोड़ने के लिए कैंट में जैपुरिया रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण किया जा रहा है। इन दोनों आरओबी के निर्माण में लगभग सवा सौ करोड़ रुपये का बजट खर्च हो रहा है। सेतु निगम ने दोनों आरओबी को जून माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अभी लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आरओबी में रैंप बनाने का कार्य आखिरी चरण में है। इंजीनियरों का कहना है कि जुलाई माह में दोनों आरओबी में वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।

    उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम 65 करोड़ रुपये के बजट से जैपुरिया आरओबी का निर्माण कर रहा है जो 800 मीटर लंबा और 7.50 मीटर चौड़ा बनेगा। दो लेन के इस ओवरब्रिज के बन जाने से जाजमऊ से मालरोड की तरफ आने व जाने के लिए मुरे कंपनी पुल और शिव नारायण टंडन सेतु का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जून 2025 में इसका काम पूरा हो जाएगा। अभी आरओबी के दोनों तरफ रैंप बनाने का कार्य हो रहा है।

    वहीं शहर के दक्षिण क्षेत्र से शहर की ओर आने व जाने के लिए गोविंदपुरी और दादा नगर आरओबी मुख्य मार्ग है, लेकिन इन दोनों आरओबी पर सुबह से देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए दादा नगर पुल के समानांतर पुल का निर्माण वर्ष 2023 की जून माह में 60 करोड़ के बजट से शुरू हुआ था। मेट्रो के पिलर निर्माण के चलते इस परियोजना का काम एक माह के लिए रुक गया था।

    हालांकि सेतु निगम के इंजीनियरों कहना है कि जून 2025 तक सेतु निगम निर्माण कार्य खत्म कर देगा। इस पुल के रैंप बनाने का कार्य अंतिम चरण में हैं। दोनों आरओबी का कार्य समय पर पूर्ण किया जाएगा।

    बोले राहगीर...

    प्रमोद कुमार ने कहा

    दादा नगर पुल बनने से बड़ी राहत मिलेगी। वनवे होने के बाद भी दोनों तरफ पुल से आवागमन होता है, जिससे दुर्घटनाएं भी होती हैं। इससे बड़ी राहत मिलेगी।

    ब्रम्हा कुमार त्रिपाठी ने कहा

    दादा नगर पुल का निर्माण समय से पूरा होने से राहत मिलेगी। इस पुल के बनने से दक्षिण क्षेत्र की लगभग पांच लाख से ज्यादा आबादी को जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।

    विनोद तिवारी ने कहा

    जैपुरिया पुल से उन्नाव के साथ ही लालबंगले साइड का आवागमन में परेशानी नहीं होगी। इस पुल के बनने से माल रोड में भी जाम नहीं लगेगा।

    देव शर्मा ने कहा

    जैपुरिया रेलवे ओवर ब्रिज का काम बहुत पहले खत्म होना चाहिए था। तीन साल से पुल बन रहा है। पुल समय पर नहीं बनने से सभी को परेशानी होती है।

    सेतु निगम, मुख्य परियोजना प्रबंधक, बीके सेन ने कहा

    दोनों आरओबी का कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। केवल रैंप बनाने का कार्य चल रहा है। रेलवे ने भी अपने हिस्से का कार्य पूर्ण कर दिया है। जून माह में निर्माण कार्य खत्म हो जाएगा।