Kanpur 5600 Cr Cyber Fraud: पिता और ससुर दरोगा, लीज पर होटल लेकर बेटा चलाता ठग गिरोह, नेपाल तक फैलाया नेटवर्क
शाहजेब और सलमान की गिरफ्तारी से 5600 करोड़ के साइबर ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसमें दारोगा का बेटा ...और पढ़ें

ये तस्वीर एआई जनरेटेड है।
HighLights
मुंबई और नेपाल भागे साइबर ठग के साथियों का ब्यौरा जुटा रही साइबर टीम
दारोगा का बेटा इखलाख नेपाल भागा, मुंबई में साथी आरिफ
ठगी में बैंक कर्मचारियों की संलिप्तता की भी आशंका जताई गई।
जागरण संवाददाता, कानपुर। शेयर में निवेश कर लाभ दिलाने, डिजिटल अरेस्ट,केवाइसी अपडेट कराने समेत अन्य तरीकों से देशभर में 5600 करोड़ की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना शाहजेब वारिस और सलमान की गिरफ्तारी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं।
पूछताछ में दोनों के करीब 12 साइबर ठग साथियों के नाम सामने आए हैं। इनमें एक नेपाल भागे सेवानिवृत्त दारोगा का बेटा इखलाख और उसका साथी आरिफ है। साइबर टीम को वर्तमान में आरिफ की लोकेशन मुंबई में मिली है। इखलाख पिता के दारोगा होने का फायदा उठाकर व्यापारियों, टेनरी संचालकों पर रौब गांठता था। उसने मूलगंज में लीज पर होटल लिया था और वहीं से नेपाल तक ठगी का धंधा चला रहा था।
मूलगंज में लीज पर होटल चलाता
इसके अलावा चकेरी क्षेत्र में रहने वाले सेवानिवृत्त दारोगा का बेटा इखलाख भी शामिल है, जो सबसे पहले मूलगंज में लीज पर लेकर एक होटल चलाता था। इस दौरान उसका संपर्क ठगों के सरगना शाहजेब से हुआ और वह लोगों को लोन दिलाने के बहाने उनकी फर्जी फर्में बनाकर उनके खाते खुलवाकर ठगी उसमें की रकम मंगवाता था।
कई लग्जरी गाड़ियां
बीतें कुछ सालों में उसने कई लग्जरी गाड़ियां खरीद ली। हाल ही में उसने काले रंग की एक थार गाड़ी खरीदी थी। पुलिस की जांच में उसके पांच खातों में करीब 41 करोड़ के लेनदेन मिले हैं। साइबर टीम को चकेरी के सनिगवां निवासी इखलाख की वर्तमान लोकेशन नेपाल मिली है साइबर टीम उसका नेटवर्क खंगाल रही है।
दरोगा ससुर का भी रौब दिखाता
टीम ठगी के मामले में उसका नेपाल कनेक्शन भी खंगाल रही है। सूत्रों के अनुसार इखलाख के ससुर भी दारोगा है, जो पहले पूर्वी जोन के एक थाने में तैनात भी रह चुके हैं। बताया जा रहा कि इखलाख दारोगा ससुर का रौब दिखाता था।
टेनरी संचालकों को भी धमकाता
चकेरी, जाजमऊ क्षेत्र के स्क्रैप व्यापारियों, टेनरी संचालकों और स्लाटर हाउस की फर्मों में पुलिसकर्मियों से छापेमारी डलवाकर उन्हें डरा धमकाकर गिरोह में शामिल होने का दबाव भी बनाता था। जो लोग गिरोह में शामिल हो जाते थे वह उनकी फर्मों के खातों में साइबर ठगी की रकम मंगवाता था। फिलहाल साइबर टीम रविवार को शाहजेब और सलमान को जेल भेज दिया गया है।
12 से ज्यादा अभी भी फरार
निवेश में लाभ दिलाने, डिजिटल अरेस्ट समेत तरीकों से देशभर में ठगी करने वाले गिरोह का सरगना शाहजेव और सलमान तो गिरफ्तार हो गया, लेकिन उसके 12 से ज्यादा साथी अभी भी फरार हैं। उनमें चकेरी निवासी दारोगा का बेटा इखलाख भी शामिल है जो नेपाल में भागा हुआ है और उसका साथी आरिफ मुंबई भागा है। दोनों ही शाहजेव के करीबी हैं और नेटवर्क को कई राज्यों में फैलाते थे।
सलमान और शाहजेब के साथियों की तलाश में मुंबई जाएगी टीम
शाहजेब को गिरफ्तार कर शनिवार देर रात तक उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने कई अहम राज बताए हैं। पुलिस अब आरिफ और इखलाख की गिरफ्तारी के प्रयास रही है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद 5600 करोड़ से कहीं ज्यादा बढ़ सकती है इसके साथ ही नेटवर्क के और बड़ा होने और आरोपितों के नामों की संख्या भी बढ़ सकती है। पुलिस इस गिरोह का दुबई समेत अन्य देशों की यात्रा से उनके ठगों से कनेक्शन भी जोड़कर जांच कर रही है। आरिफ की तलाश में एक टीम जल्द ही मुंबई भेजी जायेगी।
बैंककर्मियों के शामिल होने की बात आई सामने
साइबर ठगों के इस गिरोह के 14 बैंकों के 77 बैंक खातों के बारे में जानकारी हुई है। इनमें कुछ सरकारी और ज्यादातर प्राइवेट बैंक हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस तरह से खाते खोलने और उसमें ठगी की रकम मंगाने में बैंक कर्मचारी भी शामिल हैं। साइबर टीम इन बैंकों के खातों को खंगालने के साथ ही जिन बैंकों खातों में ठगी की रकम मंगवाई गई उन बैंकों के मैनेजर व अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ करेगी।
दोनों साइबर ठगों से पूछताछ में दारोगा के बेटे समेत 10 से 12 साइबर ठगों के बारे में पता चला है। इनमें इखलाख की लोकेशन नेपाल और आरिफ की मुंबई में मिली है। साइबर टीम उनके खातों की जांच करेगी वहीं दारोगा के बेटे के स्वजन से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। आरिफ की तलाश की तलाश में टीम मुंबई भेजी जायेगी।
- रघुबीर लाल,पुलिस आयुक्त
