विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

34 मुकदमे वाला कानपुर का गैंग्स्टर अजय ठाकुर चढ़ा भीड़ के हत्थे, जमकर हुई पिटाई, विधायक लिखी स्कॉर्पियों भी तोड़ी

Published: Mon, 26 Oct 2026 10:41 PM (IST)

कानपुर के हनुमंत विहार में गैंगस्टर अजय ठाकुर और उसके साथियों को भीड़ ने जमकर पीटा और उनकी स्कॉर्पियो में ...और पढ़ें

पिटाई के बाद सड़क पर बेसुध हालत में पड़ा अजय ठाकुर और क्षतिग्रस्त विधायक लिखी स्कॉर्पियो। जागरण

पिटाई के बाद सड़क पर बेसुध हालत में पड़ा अजय ठाकुर और क्षतिग्रस्त विधायक लिखी स्कॉर्पियो। जागरण

HighLights

  1. गैंगस्टर अजय ठाकुर को कानपुर में भीड़ ने पीटा

  2. युवक को पीटने और फायरिंग के आरोप पर भीड़ भड़की

  3. अजय ठाकुर की स्कॉर्पियो में तोड़फोड़, तीन घायल

जागरण संवाददाता, कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के जूही कलां डब्ल्यू ब्लॉक में रविवार रात एक युवक का पीछा करते हुए पहुंचे गैंगस्टर अजय ठाकुर और उसके साथियों को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। एक युवक को स्कार्पियो में खींचकर पीटने और विरोध करने पर हवाई फायरिंग करने पर भीड़ बेकाबू हो गई। अजय ठाकुर को जमकर पीटा और स्कॉर्पियों में भी तोड़फोड़ की।

भागने के दौरान स्कार्पियो की टक्कर से एक ई-आटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसके चालक को भी चोट आई। घटना में गैंगस्टर समेत तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस फायरिंग समेत सभी आरोपों की जांच कर रही है।

Ajay Thakur 1

युवक को गाड़ी में खींचकर पीटने का आरोप

उस्मानपुर कच्ची बस्ती निवासी ई-ऑटो मालकिन सुमन के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे एक काली स्कार्पियो तेज रफ्तार में बस्ती की ओर आई। गाड़ी पर राजनीतिक पार्टी का झंडा और विधायक लिखा स्टीकर लगा था। आरोप है कि स्कॉर्पियो में छह युवक सवार थे और वे एक युवक का पीछा करते हुए वहां पहुंचे थे। युवक को गाड़ी में खींचकर पीटा जाने लगा। स्कॉर्पियो के अंदर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे।

हवाई फायरिंग के आरोप से भड़की भीड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने युवक को पीटने का विरोध किया तो स्कॉर्पियो सवार एक व्यक्ति ने हवाई फायरिंग कर दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, फायरिंग के आरोप की पुलिस जांच कर रही है। इसी बीच स्कॉर्पियो चालक ने तेजी से गाड़ी पीछे की ओर दौड़ाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान गाड़ी ने सुमन के ई-आटो को टक्कर मार दी और उसे करीब 300 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। ई-आटो में मौजूद चालक गया प्रसाद को भी चोट आई।

Ajay Thakur 2

स्कॉर्पियो सवारों को पीटा, गाड़ी में तोड़फोड़

ई-आटो क्षतिग्रस्त होने और युवक को पीटे जाने से नाराज लोगों ने स्कार्पियो को घेर लिया। लोगों ने गाड़ी सवारों को नीचे उतारकर पीटा और वाहन में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह के मुताबिक, घटना में बर्रा थाने का गैंगस्टर अजय ठाकुर, उसका साथी शेरा उर्फ साहिल और आयुष घायल हुए हैं। तीनों का एलएलआर अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि फायरिंग समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गैंगस्टर पर दर्ज हैं करीब 34 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय अजय ठाकुर के खिलाफ बर्रा, नौबस्ता, कोतवाली और रावतपुर समेत विभिन्न थानों में करीब 34 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दुष्कर्म, छेड़छाड़, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। बर्रा थाना पुलिस उसके खिलाफ तीन बार गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई कर चुकी है और उसकी हिस्ट्रीशीट भी खुली है।

विधायक लिखी गाड़ी को लेकर भी उठे सवाल

घटना के बाद राजनीतिक पार्टी का झंडा और विधायक लिखा स्टीकर लगी स्कार्पियो को लेकर भी सवाल उठे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने गाड़ी पर काली फिल्म चढ़ी होने की बात कही। पुलिस अब मारपीट, फायरिंग के आरोप, ई-आटो को टक्कर मारने और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। ई-आटो मालकिन की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कानपुर नकली सीमेंट का काला कारोबार: नेटवर्क का मुख्य आरोपित 13 दिन बाद भी फरार, यूपी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

यह भी पढ़ें- Diwali से पहले खाद्य विभाग की Kanpur में बड़ी कार्रवाई, 19 ई-कामर्स स्टोर में मिलीं कमियां, 3 के लाइसेंस निलंबित