विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Diwali से पहले खाद्य विभाग की Kanpur में बड़ी कार्रवाई, 19 ई-कामर्स स्टोर में मिलीं कमियां, 3 के लाइसेंस निलंबित

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:54 PM (IST)

खाद्य विभाग ने दिवाली से पहले कानपुर में ई-कॉमर्स खाद्य स्टोरों पर बड़ी कार्रवाई की, जिसमें 27 में से 19 ...और पढ़ें

माल रोड में ब्लिंक कामर्स के स्टोर का निरीक्षण करते खाद्य विभाग के अधिकारी। सौ. खाद्य विभाग

माल रोड में ब्लिंक कामर्स के स्टोर का निरीक्षण करते खाद्य विभाग के अधिकारी। सौ. खाद्य विभाग

HighLights

  1. खाद्य विभाग ने कानपुर में 27 ई-कॉमर्स स्टोरों की जांच की

  2. जांच में 19 स्टोरों में कमियां मिलीं, 3 के लाइसेंस निलंबित

  3. गोविंद नगर से 120 किलो अस्वच्छ खोवा जब्त कर नष्ट किया

जागरण संवाददाता, कानपुर। दीवाली पर्व के चलते कानपुर में खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। आनलाइन खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाले ई-कामर्स स्टोरों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है।

खाद्य विभाग की टीम ने दो दिनों में 27 ई-कामर्स स्टोर की जांच की, जिसमें 19 स्टोरों में कमियां मिलीं। इन कमियों को दूर करने के लिए संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, गंभीर अनियमितताओं के चलते तीन स्टोरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

खाद्य विभाग की जांच में स्टोरों में साफ-सफाई का अभाव, सामान पर जमी धूल, कोल्ड रूम की व्यवस्था नहीं होना और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट न मिलना जैसी कमियां सामने आईं। निर्धारित मानकों के अनुरूप अवधि से कम समय में एक्सपायर होने वाले खाद्य पदार्थों का भंडारण भी पाया गया। खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने कार्रवाई की है।

सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह ने तीन स्टोरों के लाइसेंस निलंबित किए जाने की पुष्टि की। इनमें आरआर विजन वेंचर्स, जेप्टो बर्रा छह, मैसर्स रिलायंस रीटेल लिमिटेड, देहली सुजानपुर और मैसर्स मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया लिमिटेड, देहली सुजानपुर शामिल हैं।

विभाग की ओर से अन्य स्टोर संचालकों को भी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री में लापरवाही बरतने वाले कारोबारियों में खलबली मची है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गंदे कपड़ों में रखा मिला 120 किलो खोवा

खाद्य विभाग की टीम ने सी ब्लाक गोविंद नगर में संदीप गुप्ता के परिसर में भी कार्रवाई की। यहां गंदे कपड़ों में लपेटकर करीब एक क्विंटल 20 किलो खोवा रखा मिला। टीम ने खोवे का एक नमूना संग्रहित किया। शेष खोवे की कीमत करीब 39 हजार रुपये आंकी गई। खाद्य सुरक्षा के दृष्टिगत बचे हुए खोवे को गोविंद नगर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट ले जाकर नष्ट करा दिया गया।

यह भी पढ़ें- UP CM Yogi Adityanath: ‘विरासत में गद्दी मिल सकती है, बुद्धि नहीं’, कानपुर से सपा-कांग्रेस पर बरसे मुख्यमंत्री