Kanpur News: कानपुर के चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे गिरफ्तार, पिछले दिनों इस वजह था चर्चा में
कानपुर के चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। भाजपा नेता रवि सतीजा की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई। आरोप है कि अखिलेश दुबे के कहने पर रवि सतीजा के खिलाफ धोखाधड़ी के झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए जिनमें पाक्सो का मामला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता महिला बिहार की रहने वाली है और उसके साथ कोई घटना नहीं हुई थी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। भूमाफिया व वसूलीबाज दागी पत्रकारों और वकीलों के खिलाफ चले अभियान के बाद शुरू हुए आपरेशन महाकाल के दूसरे दिन ही बड़ा धमाका हुआ। पुलिस ने शहर के चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे को बुधवार गिरफ्तार कर लिया। अखिलेश दुबे के खिलाफ भाजपा नेता रवि सतीजा को मुकदमे में फंसाकर वसूली करने का आरोप है।
पुलिस ने दुबे के तीन अन्य साथी भी पकड़े हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि अखिलेश दुबे के खिलाफ जमीनों पर जबरन कब्जे और अन्य गंभीर मामलों में भी गोपनीय जांच हो रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन मामलों में भी कार्रवाई हो सकती है।
लगभग डेढ़ साल से पुलिस भूमाफिया और कार्रवाई का डर दिखाकर वसूली करने वाले पत्रकारों और वकीलों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। मंगलवार को पुलिस आयुक्त ने आपरेशन महाकाल को लांच किया और आम लोगों से ऐसे लोगों के बारे में जानकारियां मांगी, जो समाज में भय का वातारण बना गरीब और कमजोर लोगों की जमीनें कब्जा लेते हैं या इनसे वसूली करते हैं। यह भी प्रकाश में आया है कि ऐसे अपराधी पुलिस से मिलकर झूठे मुकदमे दर्ज कराकर आम लोगों को डरा धमका रहे थे। इस क्रम में पुलिस ने बुधवार को साकेतनगर निवासी अधिवक्ता अखिलेश दुबे और कास्मोजिन के पार्टनर लवी मिश्र सहित चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
आरोप है कि अखिलेश दुबे व उनके साथियों ने भाजपा नेता रवि सतीजा को झूठे मुकदमों में फंसाकर उनसे वसूली की। असल में पिछले साल रवि सतीजा के खिलाफ एक महिला ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया था। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र्र नाथ चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि उक्त मामला झूठा दर्ज हुआ था और इसे आधार बनाकर अखिलेश दुबे व लवी मिश्रा भाजपा नेता से महिला से समझौता कराने की एवज में 50 लाख रुपया मांग रहे थे।
जानें क्या है आपरेशन महाकाल
कानपुर में आपरेशन महाकाल में भूमाफिया और वसूलीबाजों के खिलाफ शिकंजा कसा जाएगा। इस बार उन्हीं लोगों को निशाना बनाया जाएगा, जिनकी शिकायत आम लोगों की ओर से की जाएगी। अगर कोई सरकार कर्मी के खिलाफ भी शिकायत मिली तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।