Kanpur Double Murder Update: अब बेटे को सता रहा अपनी जान का खतरा, पुलिस को दी जानकारी
कानपुर बर्रा दो में गोद ली बेटी और उसके प्रेमी ने गला रेतकर मां-पिता की हत्या की थी। घटना के बाद से इकलौता बेटा सहमा हुआ है। उसने घर और गांव से दूरी बना ली है। जान का खतरा होने की जानकारी उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी दी थी।

कानपुर, जागरण संवाददाता। बर्रा दो निवासी बुजुर्ग दंपती की गला रेतकर हत्या करने वाली गोद ली बेटी आकांक्षा और उसका दूसरा प्रेमी रोहित उत्तम भले ही गिरफ्तार होकर जेल चले गए हों, लेकिन मृत दंपती के इकलौते बेटे विपिन को अब अपनों से अपनी जान का खतरा सता रहा है। वह न अपने घर पर हैं और न ही अपने गांव जा रहे हैं। एक परिचित के घर पर रुककर इलाज करा रहे हैं। जान का खतरा होने की जानकारी उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी दी थी।
भोजन में मिलाती थी नशीली दवाएं
माता-पिता की हत्या के बाद से विपिन सहमे हुए हैं। वह बताते हैं कि अब किसी पर भरोसा नहीं रहा। हर तरफ मेरे दुश्मन हैं। एक तरफ झगड़ों के चलते पत्नी अलग रह रही है। वह और उसके मायके वाले दुश्मन बने हुए हैं तो दूसरी तरफ आंकाक्षा और उसके प्रेमी ने इतना बड़ा कांड कर दिया। अब सिर्फ पुलिस ही मेरी सुरक्षा कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर रोज आकांक्षा पूरे परिवार को भोजन के साथ नशीली दवाएं मिलाकर देती थी। घटना के बाद अब अहसास हो रहा है कि रात में खाना खाने के बाद माता-पिता और उन्हें जल्दी नींद क्यों आ जाती थी। सुबह उठते थे तो सिर भारी रहता था।
लगता था जैसे नशा किया हो, लेकिन कभी भी ये नहीं मालूम था कि बहन आकांक्षा ही नशीली दवाएं खाने के साथ मिलाकर देती थी। घटना की रात में भी जब जूस में उसने कुछ मिलाया तो स्वाद खाने से कुछ मिलता हुआ महसूस हुआ था। इसी वजह से अब याददाश्त भी कमजोर हो गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।