कानपुर में हाफ एनकाउंटर: सिर मुंडवाया हुलिया बदला, 9 दिन बाद पकड़ा गया 25 हजार का इनामी रानू, पुलिस ने पैर में मारी गोली
घाटमपुर के देवसढ़ गांव में मुमताज हत्याकांड और लूटपाट के मुख्य आरोपी शोयल खान उर्फ रानू को पुलिस ने मुठभेड़ ...और पढ़ें

मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार मुख्य हत्यारोपित शोयल खान उर्फ रानू। पुलिस
HighLights
मुख्य आरोपी शोयल खान उर्फ रानू मुठभेड़ में गिरफ्तार।
पुलिस की गोली से आरोपी के दोनों पैरों में लगी चोट।
लूटी गई पायल और मंगलसूत्र पुलिस ने बरामद किए।
संवाद सहयोगी, घाटमपुर(कानपुर)। साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव में सात अगस्त की रात को एक घर में घुसकर युवक की हत्या करने और पत्नी को अधमरा करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कुंदौली मोड़ के पास हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसके पैरों में दो गोली मारीं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था। वारदात में शामिल एक आरोपित पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।
देवसढ़ निवासी मुमताज के घर पर बीती सात अगस्त की रात उसका पारिवारिक भाई शोयल खान उर्फ रानू अपने साथी बिधनू थाना क्षेत्र के दलेलपुर गांव निवासी आशीष उर्फ काशी के साथ घुसा था। मुमताज की हत्या करके पत्नी शाहजहां को अधमरा कर दिया था। दोनों ने घर में घुसने से पहले कैमरे मोड़ दिए थे।
वारदात को अंजाम देने के बाद घर से डीवीआर, पायल, मंगलसूत्र और बाइक लेकर भाग निकले थे। बीती नौ अगस्त की भोरपहर पुलिस ने आशीष को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उसने डीवीआर के साथ वारदात में शामिल दस्ताने, मास्क, पेपरकटर को रिंद नदी में फेंकने की बात बताई थी। हालांकि, बाद में डीवीआर को पास के गांव लक्ष्मणपुर में एक तालाब से बरामद किया गया था।
इसके बाद से मुख्य आरोपित रानू की तलाश की जा रही थी। साढ़ इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार मिश्रा के मुताबिक रविवार सुबह करीब तीन बजे सूचना मिली कि रानू क्षेत्र में घूम रहा है। इस पर आसपास की टीमों को सक्रिय किया गया। कुंदौली मोड़ के पास पुलिस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। तभी एक बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई।
बाइक सवार ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की और अनियंत्रित होकर गिर गया। इसके बाद उसने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पता चला कि वह मुख्य आरोपित रानू है। इसके बाद उसे भीतरगांव सीएचसी पहुंचाया गया।

चार माह की मासूम बच्ची के साथ शाहजहां। पति मुमताज की हत्या के बाद से वह गुमशुम रहती है। जागरण
रोते हुए बोला- नशे में घटना कर दी, मेरा चचेरा भाई था
पुलिस की कार्रवाई के बाद शोयल रोता रहा। वह बोला कि मुमताज उसका चचेरा भाई था और उसने नशे में घटना को अंजाम दे दिया। कहा कि वह बस लूट करने गया था। उसे लगता था कि मुमताज कई वर्षों तक सऊदी अरब में रहा है तो उसके बाद जेवर होंगे। लेकिन, घटना के दौरान वह मुमताज को बेहोश करना चाहता था, इसलिए सिर पर डंडे से वार किए थे। वह मर जाएगा नहीं पता था। घटना के बाद में उसके द्वारा इंस्टाग्राम पर खुद को बेगुनाह बताने और वाट्सएप आडियो भेजकर धमकाने के बारे में पूछने पर कहा कि वह झूठ बोलेकर अफवाह फैला रहा था ताकि लोग दूसरों पर शक करें। वह बीते दिनों से लगातार सरेंडर की फिराक में घूम रहा था। इसी दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
तमंचा के साथ लूटी गई पायल और मंगलसूत्र बरामद
एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा (.314 बोर), दो खोखा, एक कारतूस के साथ ही लूटी गई पायल और मंगलसूत्र बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि लूटी गई बाइक को पहले ही आशीष के पास से बरामद किया जा चुका है।
मुमताज की पत्नी व भाई बोले- रानू जिंदा बच गया, इसका अफसोस
मुमताज की पत्नी शाहजहां ने कहा कि रानू जिंदा है, इसका अफसोस है। कहा कि उनके पति की उनकी ही आंखों के सामने निर्मम हत्या कर दी गई। उसे भी जान से मारना चाहिए। वहीं, उसके भाई भूरा ने कहा कि उनके भाई की जघन्य हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने अनुरोध किया था कि हमारे भाई की जान गई तो उसकी भी जानी चाहिए। मुमताज की मां आबदा बेगम का कहना है कि जब तक आरोपी जीवित है, तब तक उनके परिवार को खतरा है।
घटना में शामिल दोनों आरोपितों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए थाना टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है। अन्य आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
- दीपेंद्र नाथ चौधरी, डीसीपी साउथ
यह भी पढ़ें- आखिर भगवान को क्या मंजूर... पहले दो सगे बेटों की हुई मौत, अब जन्मदिन से ठीक 1 दिन पहले गोद लिए बेटे ने दी जान
