Kanpur Airport: कानपुर एयरपोर्ट के लिए नया टाइमटेबल जारी, जानें कब-कब उड़ेंगे विमान
कानपुर से दिल्ली के लिए विमान सेवा अब सप्ताह में केवल तीन दिन - बुधवार शुक्रवार और रविवार को ही मिलेगी। यह बदलाव 16 से 30 जून तक लागू रहेगा। पहले यह सेवा सातों दिन उपलब्ध थी। तकनीकी कारणों से विमानन कंपनी ने यह निर्णय लिया है हालांकि सांसद ने उड़ानें जारी रखने का अनुरोध किया था। अन्य शहरों के लिए उड़ानें शुरू करने की मांग भी बनी हुई है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। दिल्ली के लिए विमान सेवा के प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक अब शहर को बुधवार, शुक्रवार और रविवार को ही सुविधा मिलेगी। नया शेड्यूल 16 से 30 जून तक लागू किया जाएगा। अभी तक दिल्ली के लिए सप्ताह में सातों दिन चकेरी हवाई अड्डे से उड़ान की सुविधा मिल रही है।
भरपूर लोड मिलने पर तकनीकी दिक्कत की बात कहते हुए विमानन कंपनी ने सप्ताह में तीन दिन ही दिल्ली की उड़ान का फैसला लिया है। हालांकि इस पर सांसद रमेश अवस्थी ने उड्डयन मंत्री को पत्र भेजकर कहा था कि दिल्ली की उड़ान सप्ताह में सातों दिन रखी जाए।
उन्होंने लिखा था कि दिल्ली के यात्रियों का भरपूर लोड विमानन कंपनी को मिल रहा है। पहले कहा जा रहा था कि सप्ताह में दिल्ली की तीन दिन की उड़ान अस्थाई रूप से तीन माह तक रहेगी। हालांकि अब प्रस्तावित नया शेड्यूल 16 से 30 जून तक का है।
इसके मुताबिक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को शहर से चारों उड़ान हैदराबाद, दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई के लिए चलेंगी। सोमवार और मंगलवार को तीन उड़ान मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद की सुविधा मिलेगी। गुरुवार और शनिवार को मुंबई और बेंगलुरु की दो उड़ाने यहां से चलेगी।
सभी उड़ानों का समय पूर्व की तरह ही रहेगा। यह प्रस्तावित शेड्यूल रविवार या सोमवार को अधिकृत रूप से जारी किया जा सकता है। हवाई अड्डा निदेशक संजय कुमार ने कहा कि अभी नया शेड्यूल नहीं मिला है।
बढ़ने के बजाय घट गईं उड़ान
शहरी काफी दिनों से कोलकाता, अहमदाबाद समेत अन्य शहरों के लिए विमानसेवा की मांग उठा रहे हैं। दिल्ली के लिए सुबह की उड़ान की मांग भी काफी पुरानी है। नई उड़ानें बढ़ने के बजाय दिल्ली की उड़ान की सुविधा भी अस्थायी रूप से सप्ताह में तीन दिन ही की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।