CSJMU Kanpur में दो पाली में चलेंगी कक्षाएं, हर विभाग की होगी निगरानी
कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों के लिए अब दो पाली में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसके लिए हर विभाग में कक्षा शिक्षण निगरानी के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। नए पाठ़्यक्रम और छात्र संख्या बढ़ने पर यह फैसला लिया गया है।

जागरण संवाददाता , कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रमों के लिए अब दो पाली में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। नए पाठ्यक्रम शुरू होने और छात्र संख्या बढ़ने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला किया है। कक्षाओं के नियमित संचालन की निगरानी के लिए हर विभाग में जांच कमेटी भी बनाई गई है।
विश्वविद्यालय में नए शिक्षण सत्र शुरू होने के साथ ही छात्र संख्या भी तेजी से बढ़ गई है। अभी कई नए पाठ़्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। कई विभागों में दीक्षारंभ भी होना बाकी है। इस दौरान लगभग 16 हजार छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय में प्रवेश ले लिया है। विश्वविद्यालय परिसर में कई नए भवन भी बनकर तैयार हुए हैं इसके बावजूद सभी विभागों में दो पाली में कक्षाएं संचालित करने का फैसला किया गया है।
इसके तहत पहली पाली की कक्षाएं सुबह आठ बजे से तीन बजे तक और दूसरी पाली की कक्षाएं 10 बजे से पांच बजे तक संचालित होंगी। इससे छात्र-छात्राओं को अपने चयनित विषयों के अध्ययन की पूरी स्वतंत्रता मिलेगी। सुबह से शाम तक अपने पसंद के विषयों की अलग -अलग संचालित होने वाली कक्षाओं में छात्र शामिल हो सकेंगे।
विश्वविद्यालय के सभी विभागों में सोमवार से औपचारिक कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। विश्वविद़्यालय प्रशासन ने इस साल दीक्षारंभ में सभी नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को एजूकेशन किट भी सौंपी है जिसमें पेन और नोटबुक के साथ अन्य सामग्री शामिल है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस बार कक्षाओं के नियमित आयोजन पर भी जोर दिया है। इसके लिए सभी विभाग में निगरानी टीम बनाई गई है। जो नियमित कक्षा संचालन की निगरानी करेगी। अगर कोई शिक्षक समय से अपनी कक्षा में नहीं पहुंचते हैं तो इसकी सूचना सीधे डीन एकेडमिक और कुलपति कार्यालय को दी जाएगी। इस टीम में संबंधित विभागाध्यक्ष के अलावा दूसरे विभाग के दो शिक्षकों को शामिल किया गया है।
विश्वविद्यालय ने अपने संसाधनों का छात्र हित में सर्वाधिक उपयोग करने के लिहाज से दो पाली में शिक्षण कार्य संचालित करने का फैसला किया है। शिक्षकों की संख्या भी बढ़ रही है। इसलिए अब सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक विश्वविद्यालय में शैक्षिक गतिविधियां संचालित होती रहेंगी।
- प्रो. विनय कुमार पाठक, कुलपति सीएसजेएमयू
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।