कानपुर में नहीं थम रही कांग्रेस में रार, अब लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचा मामला
कानपुर में कांग्रेस की अंदरूनी कलह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला नहीं रुक रहा। अब यह कलह लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के सामने पहुंची। उन्होंने सभी को समन्वय बनाने के लिए कहा है। साथ ही सबको साथ लेकर चलने को कहा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी की रार प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की चौखट तक पहुंच गई है। मंगलवार को उन्होंने महानगर अध्यक्ष समेत प्रमुख कांग्रेसियों को लखनऊ बुलाकर स्थिति समझी। कहा कि समन्वय बनाओ, सबको साथ लेकर चलो। मनमर्जी काम ठीक नहीं है। अब कानपुर-बुंदेलखंड के समन्वयक पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी की उपस्थिति में बैठक कर गिले-शिकवे दूर किए जाएंगे। फिर प्रदेश नेतृत्व की अनुमति के बाद अभी तक नियुक्त मंडल, वार्ड व बूथ पदाधिकारियों की अंतिम घोषणा होगी।
महानगर कांग्रेस कमेटी की घोषणा के बाद से ही रार शुरू हो गई थी। कई इस्तीफे हुए। फिर किदवई नगर में बैठक के दौरान मारपीट तक हो गई। इसके बाद महासचिव संजीव मिश्रा ने इस्तीफा भेज दिया था। गोविंद नगर निवासी महेंद्र भदौरिया ने भी महासचिव पद से पिछले दिनों इस्तीफा दे दिया। इसकी गूंज प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तक पहुंची।
उन्होंने मंगलवार को महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, समन्वयक गयादीन, पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा व संजीव दरियाबादी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी आलोक मिश्रा, महानगर उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी रितेश यादव, महासचिव व महिला प्रकोष्ठ प्रभारी सीता अग्निहोत्री, दीपक त्रिवेदी बल्ली, अतहर नईम व हमजा निहाल की उपस्थिति में जिले में चल रही रार, संगठन सृजन, बूथ तक गठन पर बात की। स्वतंत्रता दिवस के सभी परंपरागत कार्यक्रमों को ठीक से आयोजित करने के निर्देश दिए।
महानगर अध्यक्ष से कहा कि सबको साथ लेकर चलो। बाकी सभी से कहा कि समन्वय बनाकर काम कीजिए। कोई भी अकेले मत भागे। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि संगठन मजबूती को लेकर काम चल रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कई अच्छी सीख दी हैं। अब उनके आधार पर और तेजी से संगठन मजबूत बनाएंगे।
बता दें कि पहले भी महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता को लेकर रार सामने आई थी। पार्टी नेता व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी आलोक मिश्रा ने गुजरात के अहमदाबाद में अधिवेशन के मंच से ही कहा कि महानगर अध्यक्ष के दोनों बेटों में से एक भाजपा व दूसरा सपा में है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।