Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kanpur Top News: यहां पढ़े कानपुर समेत आसपास की बड़ी खबरें, जो दिनभर बनी रही सुर्खियों में...

    By Jagran NewsEdited By: Nitesh Mishra
    Updated: Sat, 01 Oct 2022 07:22 PM (IST)

    Top News in Kanpur कानपुर और आस-पास लगातार खबरों का सिलसिला जारी रहता है। आज हम आपको ऐसी ही पांच बड़ी खबरों को कम शब्दों में बताने जा रहे हैं। जो खबरें दिनभर सुखिर्यों में बनी रहीं हैं

    Hero Image
    कानपुर की बड़ी खबरों से संबंधित प्रतीकात्मक फोटो।

    1 यूपी में कांग्रेस ने कानपुर-बुंदेलखंड के चेहरों पर जताया भरोसा, बृजलाल-नसीमुद्दीन और अनिल यादव का राजनीतिक सफर

    उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र से तीन चेहरों पर सबसे ज्यादा भरोसा जताया है। जालौन के रहने वाले बृजलाल खाबरी को प्रदेश अध्यक्ष, बांदा निवासी नसीमुद्दीन सिद्दकी और इटावा से अनिल यादव को प्रांतीय अध्यक्ष बनाकर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में मजबूती पाने का प्रयास किया है। तीनों चेहरे कानपुर, बुंदेलखंड और इटावा में अच्छी पैठ रखते रहे हैं। आइए जानते हैं कांग्रेस के इन तीनों नेताओं का अबतक का राजनीतिक सफर कैसा रहा है। कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने बसपा से राजनीतिक सफर की शुरुआत की। उरई के तुलसी बिहार कालोनी में रहने वाले खाबरी ने वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। वह लंबे समय तक बसपा प्रमुख मायावती के करीबी नेताओं में शामिल रहे। 2007 में बसपा से निष्कासन हुआ और एक साल बाद ही उनकी फिर वापसी करा ली गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    2 Anti Sikh Riots : सिख विरोधी दंगा में 37वां आरोपित गिरफ्तार, गोंडा में कर रहा था स्कूल का संचालन

    सिख विरोधी दंगे के विशेष जांच दल ने 37वें आरोपित स्कूल संचालक को गोंडा से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपित दो मुकदमों में वांछित था। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया है। वर्ष 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद शहर में भड़के दंगा में गोविंद नगर के दादा नगर कालोनी निवासी सरदार भगति और दूसरे परिवार के जोगेंदर सिंह, शीला रानी, दलजीत और सतनाम सिंह की लूटपाट के बाद हत्या कर दी गई थी। दोनों परिवारों की ओर से मुकदमे दर्ज कराए गए थे। दोनों मुकदमों में तिर्रे मनोरमा गोंडा निवासी 65 वर्षीय दिनेश कुमार शास्त्री वांछित था। छानबीन में आरोपित के पैतृक गांव में स्कूल संचालन करने की जानकारी हुई थी। जिसके बाद विशेष जांच दल सिख विरोधी दंगा ने शनिवार को आरोपित को गोंडा से गिरफ्तार किया है। दंगे के दौरान आरोपित दादा नगर महापालिका कालोनी में रहता था।

    3 UP Congress New President: कानुपर-बुंदेलखंड साधने का प्रयास, बृजलाल ने उरई आवास में मां का लिया आशीर्वाद

    कांग्रेस ने बृजलाल खाबरी Brijlal Khabri को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाकर कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र साधने का प्रयास किया है। बसपा (BSP) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए बृजलाल खाबरी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र से गहरा जुड़ाव रखते हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद उन्हें जालौन उरई स्थित आवास जाकर सबसे पहले मां का आर्शीवाद लिया। जालौन के उरई में बृज लाल खाबरी का आवास है और परिवार निवास करता है। शनिवार को कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी तो वह सबसे पहले आवास पहुंचे और मां चंदा देवी का आशीर्वाद लिया। वहीं परिवार के लोगों और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। वह कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र में खासा दखल रखते हैं। बृजलाल खबरी ने बसपा से राजनीतिक सफर की शुरूआत की, वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में बसपा के टिकट पर वे चुनाव लड़े और जीत हासिल की। एक समय बसपा सुप्रीमो मायावती के करीबी नेताओं में उनकी गिनती होती थी। वर्ष 2007 में विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें बसपा से निष्कासित कर दिया गया था और एक साल बाद ही उनकी फिर वापसी हो गई थी।

    4 आनलाइन गेम में छह लाख रुपये हारने के बाद छापने लगे नकली नोट, कानपुर पुलिस के हत्थे चढ़े किशोर और युवक

    कानपुर कमिश्नरेट में आउटर पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले एक किशोर और एक युवक को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक प्रिंटिंग मशीन और 42000 के नकली नोट भी बरामद किए हैं। दोनों बर्रा में किराए का कमरा लेकर 100 रुपये के नकली नोट बनाते थे और दीवाली के त्योहार पर बड़ी मात्रा में नकली नोट खपाने की तैयारी थी। कानपुर आउटर एसपी तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि ईडब्ल्यूएस वरुण बिहार बर्रा-8 निवासी विभू यादव और एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है, जो नकली नोट बनाने में संलिप्त थे। दोनों ने बर्रा में किराये का कमरा लिया था, जहां नकली नोट बनाते थे। पूछताछ में दोनों ने अबतक तीन लाख के नोट बनाकर खपाने की जानकारी दी है। उनके पास से एक प्रिंटिंग मशीन और 4200 के नकली नोट भी बरामद किए गए हैं।

    5 Jalaun News: शादी के 27 साल बाद बुजुर्ग पति ने जवान पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, दोनों के बीच चल रहा था मनमुटाव

    उरई के रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर में बुजुर्ग पति ने कुल्हाड़ी से काटकर जवान पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। हत्या करने के बाद आरोपित पति गांव से फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वारदात के बाद से गांव में तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं, पुलिस ने प्रथम दृष्टया गृहकलह में हत्या की आशंका जताई है। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर में शुक्रवार की रात रामप्रकाश यादव ने घर में 7 वर्षीय पुत्र के साथ सो रही पत्नी संगीता देवी की कुल्हाड़ी से गर्दन सिर व चेहरे पर ताबड़तोड वार करके हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रामप्रकाश और संगीता के बीच आये दिन झगड़ा होता था और दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव भी था। शनिवार की रात 12 बजे घर के सभी सदस्य गहरी नींद के में सो रहे थे और संगीता भी छोटे पुत्र कृष्णा के साथ घर के अंदर सो रही थी। उसी समय राम प्रकाश सिंह यादव कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार करने के बाद घर से भाग गया।