Kanpur City की मेजबानी में होगी ग्रैंड मास्टर शतरंज, 172 देश लेंगे हिस्सा
Kanpur News कानपुर शहर में ग्रैंड मास्टर शतरंज चैंपियनिशप होगी। इसमें 172 देश हिस्सा लेंगे। ओपन नेशनल जूनियर राष्ट्रीय शतरंज और फ्यूजर ग्रैंड मास्टर फिडे रेटिंग चैंपियनशिप की मेजबानी शहर को मिली है। यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा में शतरंज को हर स्कूल तक पहुंचाने की योजना बनी है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। विश्व क्रिकेट की मेजबानी में वैश्विक फलक पर पहचान बना चुका कानपुर शहर अब ग्रैंड मास्टर शतरंज चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। दिसंबर माह में शहर की मेजबानी में पहली बार ग्रैंड मास्टर शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें करीब 172 देशों के शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और ग्रैंड मास्टर बनने के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। शहर को इसके साथ ही ओपन नेशनल, जूनियर राष्ट्रीय शतरंज और फ्यूजर ग्रैंड मास्टर फिडे रेटिंग चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर मिला है।
30 बिंदुओं पर मंथन
रविवार को आर्यनगर स्थित गैंजेस क्लब में यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की वार्षिक साधारण आम सभा का आयोजन हुआ। इसकी अध्यक्षता फिडे जोन 3.7 के अध्यक्ष डा. संजय कपूर और उप्र चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कार्तिक कपूर ने की। सबसे पहले एसोसिएशन की ओर से 52वें जिले हापुड़ को मान्यता दी गई। इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने करीब 30 बिंदुओं पर मंथन किया।
प्रदेश के मान्यता प्राप्त स्कूलों में शतरंज अनिवार्य
अध्यक्ष कार्तिक कपूर ने कहा कि अभी प्रदेश के कई स्कूलों में शतरंज खेला जा रहा है। चेस इन स्कूल को बढ़ाने के लिए प्रदेश के मान्यता प्राप्त स्कूलों में शतरंज को अनिवार्य किया गया है। सीतापुर से फ्यूचर ग्रैंड मास्टर सीरीज फिडे रेटिंग शतरंज की शुरुआत हो गई है। जो कानपुर सहित प्रदेश के 10 जिलों में कराई जाएगी। इसके साथ ही आर्बिटर ट्रेनिंग प्रोग्राम और खिलाड़ियों के लिए शतरंज केंद्र की शुरुआत की जाएगी।
चैंपियनशिप शतरंज ओलिंपियाड़ की तर्ज पर होगी
महासचिव एके रायजादा ने कहा कि प्रदेश में पहली बार ग्रैंड मास्टर शतरंज चैंपियनशिप होगी। वैश्विक स्तर पर होने वाली चैंपियनशिप शतरंज ओलिंपियाड़ की तर्ज पर आयोजित होगी। इसमें 172 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। शहर में दो अगस्त को प्रस्तावित ओपन नेशनल से इसकी शुरुआत की जाएगी। इसमें देशभर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके बाद जूनियर और फिर ग्रैंड मास्टर चैंपियनशिप होगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।