विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीच सड़क पेशाब करने से रोकने पर कानपुर के कारोबारी की बेरहमी से हत्या, नशें में धुत चार दबंगों ने ईंट से सिर कुचलकर मार डाला

Published: Tue, 08 Sep 2026 01:51 PM (IST)

कानपुर में ओम चौराहे के पास एक कारोबारी अमित कुमार की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। शराबियों द्वारा सार्वजनिक रूप से पेशाब करने से रोकने पर हुए विवाद में यह घटना हुई, दो दिन बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कानपुर में कारोबारी अमित कुमार की ईंट से हमला कर हत्या

  2. सार्वजनिक रूप से पेशाब करने से रोकने पर विवाद शुरू हुआ

  3. दो दिन इलाज के बाद अस्पताल में कारोबारी ने दम तोड़ा

जागरण संवाददाता, कानपुर। काकादेव में बीच सड़क पेशाब करने से रोकना कारोबारी को भारी पड़ गया। नशे में धुत चार दबंगों ने उनके सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। लोगों के दौड़ाने पर आरोपित कारोबारी के पैर पर कार चढ़ाते हुए भाग निकले। उन्हें शारदा नगर स्थित अनुराग हास्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पास में लगे सीसी कैमरे में वारदात कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर स्वजन की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। डीसीपी ने हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और सर्विलांस के साथ ही तीन टीमें गठित की हैं।

काकादेव नवीन नगर निवासी रुद्र प्रताप ने बताया कि उनके 47 वर्षीय पिता अमित कुमार गुप्ता कारोबारी थे। उनकी गड़रियनपुरवा में खरादी की दुकान है इसके साथ ही ओम चौराहे पर उनकी मार्केट भी है। परिवार में मां शिवानी और छोटा भाई अर्पित उर्फ निहाल है।

बेटे ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। तभी ओम चौराहे के पास नशे में धुत चार युवक आपस में गालीगलौज कर रहे थे। इस दौरान उनमें से एक युवक बीच सड़क पर पेशाब करने लगा। बताया कि पिता ने उसे रोका तो आरोपित और उसके साथी उन्हें गालियां देने लगे।

विरोध करने पर चारों ने अमित को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उन्हें भी पीटा। इसी दौरान आरोपितों ने ईंट से अमित के सिर पर कई बार वार कर दिए। इससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपित उनके पैर पर कार चढ़ाते हुए मौके से भाग निकले।

इलाकाई लोगों ने यूपी-112 पर सूचना देने के साथ ही स्वजन को इसकी जानकारी दी। स्वजन उनको शारदा नगर स्थित अनुराग हास्पिटल ले गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। बेटे ने तहरीर देकर कार सवार चार लोगों पर गैर इरादतन हत्या में मुकदमा दर्ज कराया। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे स्वजन ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्वजन की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या में रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जिसे हत्या में बदला गया है। आरोपितों की गिरफ्तार के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं, फुटेज के आधार पर उनकी शिनाख्त कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
- अतुल कुमार श्रीवास्तव, डीसीपी सेंट्रल

यह भी पढ़ें- 48 घंटे के अंदर कानपुर के इंजीनियर को रूस पुलिस ने छोड़ा, पत्नी के वीडियो के बाद भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद रिहाई

यह भी पढ़ें- Vineet Minocha Murder: 4 CC कैमरे क्यों लगवाए थे कारोबारी ने? बेटे-बहू की बताई कहानी निकली झूठी, बढ़ सकते हत्याकांड के किरदार

यह भी पढ़ें- जानें कौन थे कानपुर के विनित मिनोचा? करोड़ों कारोबार का साम्राज्य... उसूलों से हर कारोबारी वाकिफ, उसे अपनों ने ही मरवा डाला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।