विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur Businessman Murder Case: विनीत मिनोचा के बेटे सुब्रत पर गहराया शक, शालू और नौकर विशाल के जेल में बयान दर्ज

Published: Mon, 14 Sep 2026 10:23 PM (IST)

कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस ने जेल में बंद शालू और नौकर विशाल के बयान दर्ज ...और पढ़ें

बेटा सुब्रत और बहू शालू। जागरण अर्काइव

बेटा सुब्रत और बहू शालू। जागरण अर्काइव

HighLights

  1. जेल में शालू और नौकर विशाल के बयान दर्ज हुए

  2. विशाल ने शालू के कहने पर हत्या करना स्वीकारा

  3. कारोबारी के बेटे सुब्रत पर पुलिस का शक गहराया

जागरण संवाददाता, कानपुर। दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार को जेल में बंद साजिशकर्ता और हत्यारोपित नौकर के बयान दर्ज किए। हालांकि नौकर ने शालू के कहने पर हत्या करने की बात स्वीकार की, लेकिन शालू ने घटना नहीं स्वीकार की। पुलिस की जांच में एक और बात सामने आई कि दिवंगत कारोबारी ने 2022 में एक वसीयत की थी, जिसमें शालू का नाम नहीं था।

पुलिस इस वसीयत की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस ने एक मई से वारदात की रात तक विशाल के दो मोबाइल नंबर, सुब्रत के तीन और शालू के दो नंबरों की काल निकलवाई तो वह एक हजार पेज की निकली, जिसमें सबसे ज्यादा सुब्रत की विशाल से 300 से अधिक बातचीत हैं। पुलिस अब कोर्ट से अनुमति मिलने पर शालू-विशाल का कस्टडी रिमांड लेकर सुब्रत से सामना करा पूछताछ करेगी।

इंदिरा नगर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट अपार्टमेंट में रहने वाले दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में विवेचक सोमवार को जेल में बंद आरोपित शालू व पूर्व नौकर विशाल गौतम के बयान लेने के लिए कोर्ट में आवेदन किया। अनुमति मिलने के बाद सोमवार को विवेचक कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव तिवारी ने जेल में दोनों के बयान दर्ज किए। हालांकि हत्यारोपित विशाल ने जो बात पहले बताई थी।

वही बात जेल में भी बताई, लेकिन शालू ने घटना से जुड़े कई सवालों पर कुछ नहीं कहा। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि प्रकरण की जांच को आगे बढ़ाने के लिए सात मोबाइल नंबरों की काल डिटेल रिपोर्ट निकाली गई है। एक हजार पेज की निकली काल डिटेल के पूरे डाटा का विश्लेषण किया जा रहा है, जिन नंबरों का काल डिटेल निकाली गई है। इनमें घटना से पहले और बाद में किन-किन लोगों से कितनी देर बात हुई। उनके उनसे क्या संबंध हैं समेत बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

वहीं, दवा कारोबारी विनीत मिनोचा ने वर्ष 2022 में एक वसीयत की थी। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी, बेटे और बेटी को संपत्ति का हिस्सेदार बनाया है। पुलिस को शक है कि इसमें बहू शालू का नाम नहीं है। इस पर कहीं ऐसा तो नहीं कि इस हत्याकांड की साजिश इसीलिए रची गई हो। क्योंकि नौकर विशाल ने पकड़े जाने पर ये बताया था कि शालू लने कहा था कि अगर पकड़े जाओ तो पति सुब्रत का नाम बताया करो। वहीं, सुब्रत की विशाल से ज्यादा बात होने के चलते उस पर पुलिस को काफी शक गहराया हुआ है।

विशाल ने हत्या के बाद दोस्त को पांच बार उस रात मिलाया था फोन

पुलिस आयुक्त ने बताया कि हत्या के बाद विशाल और राजकिशोर रतन आर्बिट की दीवार फांदकर बाहर भागे थे। इसके बाद उन्होंने आनलाइन बुकिंग वाली टैक्सी उबर कंपनी में काल की थी। इसके बाद एक दोस्त को पांच बार काल की थी। विशाल ने अपने दोस्त को हत्या के बारे में बताया था या नहीं, या फिर कोई मदद के लिए काल की थी। पुलिस अब इन सवालों के जवाब के लिए उस दोस्त के बारे में जानकारी जुटा रही है।

विशाल ने हत्या से दो दिन पहले पुराना नंबर बंद कर लिया था नया सिम, सुब्रत-शालू को भी की काल

पुलिस आयुक्त ने बताया कि हत्यारोपित विशाल ने विनीत मिनोचा की हत्या से दो दिन पहले तीन सितंबर को नया सिम खरीदा था और उसी दिन उसने पुराना नंबर बंद कर दिया था। उसने शालू और सुब्रत दोनों को काल की थी, जिससे पुलिस को सुब्रत पर शक बढ़ा और जांच को आगे बढ़ाया गया।

यह भी पढ़ें- IIT Kanpur के 8 प्रोफेसरों को मिला राष्ट्रीय विज्ञान अकादमियों का प्रतिष्ठित फेलोशिप सम्मान, जानें इनकी उपलब्धि

यह भी पढ़ें- फिर तारीख बदली, इंतजार बढ़ा...अब दीपावली तक कानपुर सरैया ROB होगा तैयार