Kanpur Zoo: आ गई इंदौर से शेरनी बिजली, चिड़ियाघर से विदाई लेगा हिप्पो सतीश
कानपुर चिड़ियाघर में इंदौर से शेरनी बिजली का आगमन हुआ है, जो वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके बदले ...और पढ़ें

चिड़ियाघर में लाई गई शेरनी बिजली व हिप्पो सतीश। चिड़ियाघर
HighLights
इंदौर से शेरनी बिजली कानपुर चिड़ियाघर पहुंची
वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम के तहत यह बदलाव हुआ
आठ वर्षीय हिप्पो सतीश इंदौर के लिए रवाना होगा
जागरण संवाददाता, कानपुर। लंबे समय से शेरनी के लिए चल रहा इंतजार सोमवार तड़के समाप्त हो गया। इंदौर से शेरनी बिजली को वन्यजीव विनिमय कार्यक्रम के तहत चिड़ियाघर लाया गया। यहां पहुंचने के बाद पशु चिकित्सकों की टीम ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ मिली। वहीं, चिड़ियाघर में रह रहे आठ वर्ष के हिप्पो सतीश को आज दोपहर इंदौर भेजा जाएगा।
कानपुर प्राणि उद्यान के निदेशक कमलेश पटेल ने बताया कि शेरनी बिजली को कमला नेहरू जूलाजिकल पार्क, इंदौर से लाया गया। सबसे पहले उसे पशु चिकित्सालय में रखा गया, जहां विशेषज्ञों की देखरेख में उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में स्वस्थ मिलने के बाद उसे बब्बर शेर के बाड़े के हाउस में शिफ्ट कर दिया गया है। यहां उसका मिलन शेर शंकर से कराया जाएगा। डेढ़ वर्षीय शेर शंकर के साथ अभी दो मादा शेरनी चिड़ियाघर में हैं। अब शेरनी बिजली के बाद यहां एक शेर के अलावा तीन शेरनी हो गईं।
इंदौर जाएगा हिप्पो सतीश
कानपुर प्राणि उद्यान में रह रहे आठ वर्षीय हिप्पो सतीश को आज दोपहर कमला नेहरू जूलाजिकल पार्क भेजा जाएगा। हिप्पो सतीश ने इसी चिड़ियाघर में जन्म लिया था। पिछले कई दिनों से उसे पिंजड़े में भेजने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन वे शुरुआत में पिंजड़े में नहीं जा रहा था। कुछ दिन पहले जब वह पिंजड़े में जाने लगा तो इंदौर चिड़ियाघर को इसकी सूचना दी गई। वहां से शेरनी बिजली को लाने की तैयारी की गई।
