विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

इस तरह जांच के दयारे में आया पीयूष जैन, कई महीनों बाद हुई एक साथ छापेमारी और खुलती गई कलई

By Abhishek VermaEdited By:
Published: Tue, 28 Dec 2021 11:52 AM (IST)

शिखर पान मसाला को कंपाउंड बेचने की इनवाइस मिलने के बाद महानिदेशालय जीएसटी इंटेलीजेंस की जांच पीयूष जैन की ओर ...और पढ़ें

जांच का दायरा बढ़ता गया और कलई खुलती गई।
जांच का दायरा बढ़ता गया और कलई खुलती गई।

कानपुर, जागरण संवाददाता। शिखर पान मसाला को कंपाउंड बेचने की इनवाइस मिलने के बाद महानिदेशालय जीएसटी इंटेलीजेंस की जांच पीयूष जैन की ओर मुड़ी। इससे पहले जांच के दायरे में सिर्फ शिखर पान मसाला और गणपति रोड कैरियर थे। अधिकारियों के अनुसार, जब गुजरात में गणपति रोड कैरियर के चार ट्रक पकड़े गए थे। उसके बाद से ही जीएसटी इंटेलीजेंस की नजर में गणपति और शिखर पान मसाला थे। इसके बाद दोनों के कारोबार की जांच की गई तो पता चला कि शिखर पान मसाला कच्चे माल की जो खरीदारी करता है, उसका कंपाउंड उसे ओडोकेम कंपनी से मिलता है। इस कंपनी की जांच शुरू की गई तो गणपति रोड कैरियर के मालिक प्रवीण जैन के भी कानपुर के आनंदपुरी में रहने की बात सामने आई। यहीं ओडोकेम के मालिक पीयूष जैन का आवास भी मिला। इसके बाद बाद पीयूष के बैंक खातों को भी खंगाला गया तो पता चला कि शिखर पान मसाला कंपाउंड तो काफी बड़ी मात्रा में खरीद रहा है, लेकिन ओडोकेम उतनी बड़ी बिक्री अपनी नहीं दिखा रहा। तीनों की कई महीनों की जांच के बाद डीजीजीआइ ने एक साथ छापे मारे। 

पीयूष के पिता ने ली थी विदेशी नागरिकता भी

जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि पीयूष जैन के पिता महेश चंद जैन के पास विदेशी नागरिकता भी है। उनकी 20 वर्ष विदेश में खासी सक्रियता रही। इस दौरान उनका कानपुर और कन्नौज नियमित रूप से आना जाना भी होता रहा। हालांकि, स्वास्थ्य खराब होने से पिछले कुछ वर्ष में उनका बाहर जाना बहुत ही कम हो गया। अधिकारी उनके विदेश में रहने के दौरान के कारोबारों की भी जानकारी कर रहे हैं। 

पीयूष की पत्नी और पिता के रिटर्न की भी जांच 

पीयूष जैन का आयकर रिटर्न 12 से 13 लाख रुपये के आसपास की आय का था। उसके पिता और पत्नी के रिटर्न भी उसके रिटर्न के आसपास ही हैं। आयकर विभाग यह भी देख रहा है कि पत्नी की आय के क्या साधन दिखाए गए हैं। 

45 तरह के इत्र बनाने का कच्चा माल मिला

पीयूष की कन्नौज स्थित फैक्ट्री में अधिकारियों को 45 तरह के इत्र के कच्चे स्टाक मिले। इन पर कीमत का कोई रैपर नहीं था, जिससे विशेषज्ञों को बुलाकर उसकी भी जांच कराई जा रही है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।