विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आइआइटी कानपुर में एमबीए छात्रों ने नौकरी पाने का बनाया रिकार्ड, डायरेक्टर ने भी की तारीफ

By Abhishek AgnihotriEdited By:
Published: Sat, 29 Jan 2022 09:26 AM (IST)

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के औद्योगिक एवं प्रबंधन इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत संचालित हो रहे एमबीए कोर्स के छात्रों ने ...और पढ़ें

आइआइटी कानपुर में एमबीए कोर्स संचालित हो रहा है।
आइआइटी कानपुर में एमबीए कोर्स संचालित हो रहा है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) के एमबीए कोर्स के विद्यार्थियों ने दिसंबर से जनवरी तक आयोजित प्लेसमेंट सीजन में सौ फीसद जाब हासिल करने का कीर्तिमान स्थापित किया है। औद्योगिक एवं प्रबंधन इंजीनियरिंग (आइएमई) विभाग के तहत संचालित एमबीए प्रोग्राम के छात्र-छात्राओं को 11 प्री-प्लेसमेंट आफर के अलावा 55 विद्यार्थियों के लिए 35 विजिटिंग कंपनियों ने कुल 61 जाब आफर दिए हैं।

निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने बताया कि आइएमई विभाग के तहत एमबीए प्रोग्राम उद्योग के रुझानों को पूरा करने में अग्रणी रहा है। वर्ष 2021 का पहला प्लेसमेंट चरण सभी क्षेत्रों में संस्थान के लिए बहुत अच्छा रहा था। विभिन्न कंपनियों ने भी रुझान दिखाया और छात्र-छात्राओं का चयन किया। इस वर्ष एमबीए प्रोग्राम के विद्यार्थियों ने शत प्रतिशत जाब हासिल करके संस्थान को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं। उन्होंने छात्रों के साथ ही संकाय व समन्वय टीम को बधाई दी। मीडिया प्रभारी ने बताया कि एमबीए के विद्यार्थियों को भी आकर्षक वेतनमान मिला है। इस वर्ष की प्लेसमेंट ड्राइव ने पहले के रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया है।

वेतन में 22.54 फीसद की हुई बढ़ोतरी : आइआइटी के मुताबिक इस वर्ष प्लेसमेंट में छात्रों को मिले वेतन में भी 22.54 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। एमबीए प्रोग्राम में विभिन्न कंपनियां आईं। इसमें से 37 फीसद छात्रों को एनालिटिक्स डोमेन में, 24 फीसद को आइटी व परामर्श सेक्टर में, 20 फीसद को मार्केटिंग में, 11 फीसद को वित्त में और 8 फीसद को संचालन के क्षेत्र में चयनित किया गया।

इन कंपनियों ने किया चयन : प्रमुख कंपनियों में एक्सेंचर स्ट्रेटजी, मार्गन स्टेनली, बार्कलेज, एक्सट्रिया, टाइगर एनालिटिक्स, जुस्पे, आइबीएम, वेल्स फारगो, फ्लिपकार्ट, डिलाइट, मास्टर कार्ड, इंफोसिस, डेल, बर्जर, डिजिट आदि शामिल रहीं। साथ ही छात्र-छात्राओं को प्रौद्योगिकी सलाहकार, उत्पाद प्रबंधक, वरिष्ठ व्यापार विश्लेषक, वित्तीय विश्लेषक, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधक, सहयोगी समाधान सलाहकार, वरिष्ठ डेटा विश्लेषक आदि क आफर है।

आइएमई का एनआइआरएफ रैंकिंग में 16वां स्थान : वर्ष 2001 में औद्योगिक व प्रबंधन इंजीनियरिंग (आइएमई) विभाग की स्थापना की गई थी। तब से इसके एमबीए कोर्स ने उद्योग के रुझानों, व्यावसायिक सिद्धांतों और संस्थान के ईको सिस्टम को नियंत्रित करने वाले कार्यक्रमों के हिसाब से छात्र-छात्राओं को शिक्षा दी। संस्थान के इस विभाग को एनआइआरएफ इंडिया रैंकिंग 2021 की मैनेजमेंट कैटेगरी में 16वां स्थान मिला था। पिछले कुछ वर्षों में एमबीए के विद्यार्थी सिविल सेवाओं में भी सेवारत हुए और बार्कलेज, टाटा मोटर्स, नोमुरा, अमेजन, क्रिसिल, म्यूसिग्मा, मैकिन्से, रायटर्स, एचएसबीसी जैसी कंपनियों में चयनित हुए।