Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    एचबीटीयू में शताब्दी समारोह में देखने को मिलेगा 100 रुपये का सिक्का, जानिए- क्यों होगा ये खास

    By Abhishek AgnihotriEdited By:
    Updated: Sat, 20 Nov 2021 11:48 AM (IST)

    हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय शताब्दी समारोह को स्मरणीय बनाने के लिए खास सिक्का जारी करने जा रहा है जिसे वित्त मंत्रालय की ओर से टकसाल में बनवाया जा रहा है। सिक्के के लिए वित्त मंत्रालय ने अधिसूचना जारी कर दी है।

    Hero Image
    स्मरणीय होगा एचबीटीयू का शताब्दी वर्ष समारोह।

    कानपुर, जागरण संवाददाता। हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) में 25 नवंबर को शताब्दी वर्ष समारोह को यादगार बनाने के लिए कुछ खास करने की तैयारी की जा रही है। शताब्दी समारोह में राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के आगमन के साथ ही इस बार सौ रुपये का सिक्का भी देखने को मिलेगा। वित्त मंत्रालय की ओर से टकसाल में 100 रुपये मूल्य के स्मारक सिक्का बनवाया जा रहा है। वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानिए-कैसा होगा सिक्का

    कुलसचिव नीरज सिंह ने बताया कि अधिसूचना के मुताबिक 100 रुपये मूल्य वर्ग का यह सिक्का वृत्ताकार होगा। इसका वजन 35 ग्राम और व्यास 44 मिमी होगा। दांतेदार किनारों की संख्या 200 होगी और इसमें 50 फीसद चांदी, 40 फीसद तांबा, पांच फीसद निकिल व पांच फीसद जस्ता होगा। सिक्के के मुख्य भाग पर मध्य में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष होगा, जिसके नीचे 'सत्यमेव जयते' लिखा होगा। बायीं परिधि पर देवनागरी लिपि में भारत शब्द और दायीं परिधि पर अंग्रेजी में इंडिया शब्द लिखा होगा। सिंह शीर्ष के नीचे रुपये का प्रतीक और अंतरराष्ट्रीय अंकों में 100 लिखा होगा। सिक्के के पिछले भाग पर मध्य में हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय के मुख्य भवन का चित्र होगा। ऊपरी परिधि पर देवनागरी लिपि में हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विवि कानपुर शताब्दी समारोह लिखा होगा।

    समारोह के लिए युद्धस्तर पर चल रहा काम

    शताब्दी वर्ष समारोह से पहले एचबीटीयू पश्चिम कैंपस में शताब्दी द्वार, मल्टीपरपज हाल, हेलीपैड का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। साथ ही मुख्य कैंपस में शताब्दी स्तंभ का निर्माण हो चुका है। सभी जगह केवल फिनिशिंग का काम चल रहा है। विवि के अधिकारी रोजाना सुबह व शाम निर्माण स्थलों पर जाकर कार्य की प्रगति देख रहे हैं। कुलसचिव नीरज सिंह ने बताया कि मल्टीपरपज हाल में ही समारोह का आयोजन होना है। उसका निर्माण हो चुका है, केवल फिनिशिंग का काम चल रहा है। इसी तरह हेलीपैड भी तैयार किया जा चुका है। उसमें टेस्टिंग होनी शेष है। शताब्दी द्वार व शताब्दी स्तंभ भी बन चुका है। रविवार तक सभी काम पूरे हो जाएंगे।