विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में सोने चांदी के भाव में भारी गिरावट, सितंबर के अंत में सबसे निचले स्तर पर

Published: Mon, 28 Sep 2026 11:53 PM (IST)

कानपुर के सराफा बाजार में सितंबर के अंत में सोने और चांदी के भाव में तेज गिरावट दर्ज की गई, ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सितंबर के अंत में कानपुर में सोने-चांदी के भाव गिरे

  2. 18 दिन में चांदी 15,500 रुपये किलो, सोना 6,500 रुपये टूटा

  3. त्योहारी सीजन पर असर, छोटे कारोबारी हुए चिंतित

जागरण संवाददाता, कानपुर। सराफा बाजार में सोने-चांदी के भाव लगातार उतार-चढ़ाव के दौर से गुजर रहे हैं। अगस्त के अंतिम सप्ताह में शुरू हुई गिरावट के बाद सितंबर की शुरुआत में चांदी और सोने के भाव में कुछ सुधार हुआ, लेकिन अब महीने के अंत में दोनों धातुओं के दाम फिर तेजी से नीचे आ गए हैं।

कानपुर के बाजार में 28 सितंबर को शुद्ध चांदी का टैक्स समेत भाव 2,29,500 रुपये प्रति किलो और 24 कैरेट सोना टैक्स समेत 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। यह इस महीने का सबसे निचला भाव है। बाजार में आई इस उथल-पुथल का असर छोटे कारोबारियों पर पड़ा है जो त्योहारी सीजन के लिए खरीद आर्डर दे चुके हैं।

सराफा कारोबारियों के लिए अब सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि सितंबर में बाजार ने एक ही महीने में तेजी और गिरावट दोनों दिखाई हैं। तीन से 10 सितंबर के बीच आई रिकवरी के बाद महीने के अंतिम सप्ताह में फिर तेज गिरावट ने बाजार को अस्थिर कर दिया है। आने वाले त्योहारी और शादी-विवाह के सीजन पर इसका असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।बाजार के जानकारों के अनुसार 22 अगस्त से 28 सितंबर के बीच चांदी करीब 9.3 प्रतिशत और सोना करीब 8.7 प्रतिशत नीचे आया है।

वहीं एक सितंबर के बाद तीन और 10 सितंबर को आई अस्थायी रिकवरी यह बताती है कि बाजार में फिलहाल तेज उतार-चढ़ाव बना हुआ है। नयागंज सराफा बाजार के रवि गुप्ता ने बताया कि 22 अगस्त को चांदी 2,53,000 रुपये प्रति किलो और सोना 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

इस तरह करीब सवा महीने में चांदी 23,500 रुपये किलो और सोना 14,500 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे आ चुका है।इसके बावजूद दोनों धातुओं में एकतरफा गिरावट नहीं रही। 22 अगस्त को चांदी 2.53 लाख रुपये किलो थी, जो 25 अगस्त तक घटकर 2.50 लाख और 31 अगस्त को 2.43 लाख रुपये हो गई। एक सितंबर को यह और गिरकर 2.38 लाख रुपये पहुंच गई।


इसके बाद बाजार ने अचानक पलटी मारी। तीन सितंबर को चांदी 2.4 लाख रुपये और 10 सितंबर को बढ़कर 2.45 लाख रुपये किलो पहुंच गई। यानी एक सितंबर के निचले स्तर से 10 सितंबर तक चांदी में 7,000 रुपये किलो की रिकवरी हुई लेकिन यह तेजी टिक नहीं सकी। 28 सितंबर को भाव फिर 2.295 लाख रुपये पर आ गया यानी 10 सितंबर के मुकाबले महज 18 दिन में चांदी 15,500 रुपये किलो टूट गई।

सराफा कारोबारी मुकुल वर्मा के अनुसार सोने में भी लगभग यही रुख रहा। 22 अगस्त को भाव 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 29 अगस्त तक यह घटकर 1,60,500 रुपये और एक सितंबर को 1,57,000 रुपये रह गया। तीन सितंबर को सोने में सुधार हुआ और भाव 1,59,000 रुपये पहुंच गया।

10 सितंबर को हालांकि यह मामूली फिसलकर 1,58,000 रुपये रहा। इसके बाद गिरावट तेज हुई और 28 सितंबर को भाव 1,51,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इस तरह 10 सितंबर से 28 सितंबर के बीच सोने में 6,500 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज हुई।

यह भी पढ़ें- Kanpur Market Rate Today:सोना और चांदी के भाव में गिरावट, जानें गेहूं, दाल, तेल, घी के ताजा रेट

यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतों से सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम; कानपुर निवेशकों के डूबे 2000 करोड़ रुपये