Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP News: ई-कॉमर्स साइट से ऑनलाइन मंगवाता था गांजा, बुक करता था 'काजू' आता था यह नशीला पदार्थ

    Updated: Fri, 18 Jul 2025 08:05 AM (IST)

    कानपुर में कर्नलगंज पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है जो ई-कॉमर्स कंपनी के माध्यम से गांजा मंगवाता था। वह साइट पर काजू बुक करता था लेकिन उसे गांजा मिलता था। पुलिस को उसके पास से 20 किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लाता था और कानपुर कन्नौज इटावा जैसे जिलों में सप्लाई करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    Hero Image
    तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

     जागरण संवाददाता, कानपुर। ई-कामर्स कंपनी से घरेलू सामान, कपड़े आदि मंगवाए जाते हैं, लेकिन बुधवार देर रात कर्नलगंज पुलिस के हाथ लगे तस्कर ने दावा किया कि वह गांजा मंगवाता है। उसके पास एक पैकेट में करीब 20 किलो गांजा भी मिला। साइट पर वह काजू बुक करता था, लेकिन आता गांजा था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी में आरोपित का कोई परिचित व्यक्ति ओडिशा में है। तभी, ऐसा खेल हो रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। आरोपित के मोबाइल फोन की जांच कराई जा रही है।

    कर्नलगंज थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चुन्नीगंज में मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति के गांजा लेकर बैठे होने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। उसकी बुलेट बाइक में एक बड़ा पैकेट बंधा हुआ था। पूछने पर उसने पहले काजू बताया लेकिन जब उसे थाने में ले जाकर खुलवाया गया तो उसमें गांजा निकला।

    आरोपित ने अपना नाम कन्नौज निवासी अभिनव पटेल उर्फ अमन बताया। उसने बताया कि मां के इलाज के चलते काफी कर्जा हो गया था। इसी दौरान एक व्यक्ति मिला। उसने गांजा बेचने में ज्यादा फायदा बताया। उसके जरिये वह पूर्व में कई बार ओडिशा के जाजपुर जा चुका है, जहां गांजे का बड़ा काम होता है।

    ओडिशा से ही कई प्रदेशों में गांजे की अवैध सप्लाई होती है। उस व्यक्ति के जरिये उसने भी शुरू में 20 हजार रुपये लगाकर गांजे की तस्करी करना शुरू कर दिया। इसके बाद आर्डर बढ़ने लगा तो हर 15 दिन में ओडिशा जाकर गांजा लाने और कन्नौज, कानपुर, इटावा समेत जिलों में सप्लाई करने लगा था।

    कुछ माह से वह एक ई-कामर्स कंपनी से गांजा मंगवा रहा है। हाल ही में तीन बार माल मंगवाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपित के पास से एक बिल तो मिला है, लेकिन भीगने और खराब हो जाने से कुछ भी पढ़ने में नहीं आया।