अब नहीं लगाने होंगे Kanpur RTO के चक्कर! आपकी गाड़ी का कट गया गलत चालान तो बस करें ये काम, 1 महीने में समाधान
कानपुर में गलत ई-चालान कटने पर अब वाहन मालिकों को आरटीओ या यातायात विभाग के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब वे घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर आपत्ति दर्ज करा सकेंगे, जिसका निस्तारण एक महीने के भीतर किया जाएगा।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
गलत ई-चालान पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करें।
एक महीने में शिकायत का निस्तारण होगा।
वाहन मालिकों को आरटीओ के चक्कर नहीं।
जागरण संवाददाता, कानपुर। घर में खड़ी कार का आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चालान कटने से वाहन स्वामी हैरान है। यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही से वाहन मालिकों को अधिकारियों के चक्कर लगो पड़ते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। आरटीओ और यातायात विभाग के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। गलत ई-चालान के खिलाफ घर बैठे ही पोर्टल पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
यातायात नियम तोड़ने के आरोप में गाड़ी का का गलत ई-चालान कट गया है तो अब आरटीओ कार्यालय या यातायात विभाग के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वाहन स्वामी घर बैठे ही ई-चालान पोर्टल पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। परिवहन विभाग और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के तहत दर्ज गलत चालानों की शिकायतों का एक महीने में निस्तारण किया जाएगा। शिकायत पर संबंधित पक्ष को आनलाइन जवाब देना होगा। जवाब नहीं देने पर चालान स्वतः समाप्त हो जाएगा।
शहर में यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रमुख चौराहों पर कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के ई-चालान किए जाते हैं। कई बार ये शिकायत होती है कि उन्होंने नियम नहीं तोड़ा, इसके बावजूद चालान जारी कर दिया गया। ऐसी स्थिति में अब उन्हें परेशानी नहीं होगी। अब ई-चालान पोर्टल के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा मिलने से वाहन स्वामियों को राहत मिलेगी। वे चालान में गड़बड़ी होने की स्थिति में आनलाइन अपनी बात रख सकेंगे। शिकायत के निस्तारण के लिए एक महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है।
गलत चालान पर क्या करें
- ई-चालान पोर्टल पर अपने वाहन के चालान का विवरण देखें।
- चालान गलत होने पर पोर्टल पर आपत्ति दर्ज कराएं।
- चालान से संबंधित उपलब्ध साक्ष्य और सही जानकारी प्रस्तुत करें।
- शिकायत की स्थिति पर नजर रखें और मांगी गई जानकारी का समय से जवाब दें।
- एक महीने में शिकायत का निस्तारण
गलत चालान पर वाहन चालक शिकायत कर सकता है। उसकी समस्या के निस्तारण के लिए टीम भी बनाई गई है।संबंधित पक्ष को आनलाइन जवाब देना होगा कि चालान में गड़बड़ी है या नहीं। अगर उसका दावा सही मिला तो चालान समाप्त कर दिया जाएगा।
राहुल श्रीवास्तव, आरटीओ प्रवर्तन
ये है पूरा मामला
वाहन घर में खड़ा था, लेकिन उसका आनलाइन चालान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कट गया। वाहन स्वामी संजय पांडेय के मोबाइल पर चालान का मैसेज पहुंचा तो वह हैरान रह गए। चालान में दर्ज वाहन का नंबर उनकी कार का था, लेकिन तस्वीर में दिख रही कार सफेद रंग की थी, जबकि उनकी कार डार्क ग्रे रंग की है। दूसरे वाहन पर उनकी कार की नंबर प्लेट लगाकर एक्सप्रेस-वे पर वाहन दौड़ाया जा रहा था।
नंबर प्लेट के दुरुपयोग की आशंका
संजय ने बताया कि जिस समय एक्सप्रेसवे पर चालान कटा है, उस समय उनकी कार घर में ही थी। आनलाइन चालान में वाहन की तस्वीर देखने पर रंग का अंतर सामने आया। एक ही नंबर की दो अलग-अलग रंग की कारें होने से नंबर प्लेट के दुरुपयोग की आशंका जताई। एक्सप्रेसवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कैमरों के माध्यम से आनलाइन चालान की व्यवस्था है, लेकिन इस मामले ने सिस्टम की एक बड़ी खामी उजागर कर दी।
रिकार्ड की पहचान में कैमरे फेल
कैमरे ने वाहन की नंबर प्लेट पढ़ ली, लेकिन यह सत्यापित नहीं कर सका कि जिस वाहन का चालान किया जा रहा है, उसका रंग और पहचान परिवहन विभाग के रिकार्ड से मेल खा रहा है या नहीं। यदि चालान में दर्ज तस्वीर और वाहन के पंजीकरण विवरण का मिलान किया जाए तो ऐसे मामलों को पकड़ा जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।