Banda News : माफिया मुख्तार अंसारी की सुरक्षा में ड्यूटी का आदेश... जेलर पड़ गए बीमार
बांदा में मुख्तार अंसारी की सुरक्षा में हमीरपुर जेल के जेलर को 25 जून को ड्यूटी पर आना था। लेकिन 24 जून को जेलर की तबियत बिगड़ गई। इस पर जेलर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बांदा, जागरण संवाददाता। पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंडल कारागार में ड्यूटी करने से ज्यादातर जेल अधिकारी किनारा कर रहे हैं। बांदा जेल में ड्यूटी के नाम पर उनकी हालत खराब हो जाती है। कारण, एक तरफ माफिया की बात न मानने का खौफ और दूसरी तरफ सुरक्षा में कोई चूक होने पर विभागीय कार्रवाई का भय है।
पंजाब के रोपड़ की रूपनगर जेल से मुख्तार अंसारी को सात अप्रैल, 2019 को मंडल कारागार भेजा गया था। तब से वह यहां बंद है। उसके आने के बाद से प्रतिमाह अलग-अलग जिलों के जेल वार्डन व डिप्टी जेलर ड्यूटी पर लगाए जाते हैं। पिछले वर्ष अक्टूबर में बरेली के जेल अधीक्षक विजय विक्रम सिंह का यहां के लिए स्थानांतरण किया गया, लेकिन वह नहीं आए थे। विभागीय चर्चा थी कि मुख्तार की वजह से वह यहां तैनाती नहीं चाहते हैं। बाद में उन्हें बांदा जेल में ड्यूटी नहीं करने पर निलंबित तक कर दिया गया था। एक जेल अधिकारी के मुताबिक, बांदा जेल में ड्यूटी को लेकर अक्सर अधिकारियों के पसीने छूटते हैं। मंडल कारागार के जेलर वीरेंद्र कुमार वर्मा को 26 व 27 जून को अवकाश पर जाना था।
डीआइजी जेल संजीव त्रिपाठी ने उनकी जगह हमीरपुर के जेलर विवेकशील त्रिपाठी की यहां ड्यूटी लगाई थी। उन्हें 25 जून को जेल में आकर चार्ज संभालना था। मगर, ड्यूटी के पहले ही उनकी हालत बिगड़ गई। वह 24 जून को ही कानपुर स्थित हृदय रोग संस्थान (कार्डियोलाजी) में भर्ती हो गए हैं। इससे उनकी जगह फतेहपुर के जेलर सुरेश चंद्र को दो दिन के लिए बांदा जेल में तैनात करना पड़ा। डीआइजी जेल ने बताया कि उन्हें हमीरपुर के जेलर के बीमार पड़ने की सूचना मिली थी। इसलिए फतेहपुर के जेलर को बांदा भेजा गया है। बीमारी की वजह नहीं पता चली है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।