विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दाऊद का रिश्तेदार बता रौब गांठता था खयामुद्दीन, मुंबई के ड्रग्स माफिया खयामुद्दीन ने जालौन में जमाया था कारोबार

Published: Wed, 11 Nov 2026 11:46 PM (IST)

मुंबई में ड्रग्स के काले कारोबार पर सख्ती के बाद सरगना खयामुद्दीन ने जालौन में अपना ठिकाना बना लिया था। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो।

HighLights

  1. मुंबई में सख्ती के बाद बदला था ड्रग्स के काले कारोबार का ठिकाना, जालौन में शुरू की थी फैक्ट्री

  2. तस्कर के मोबाइल फोन पर सरगना से जुड़े कई साक्ष्य मिले, बाबूपुरवा व मछरिया के गुर्गे भी जुड़े

जागरण संवाददाता, कानपुर। नशे का काला कारोबार करने वाले एक बड़े गिरोह का सरगना ख्यामुद्दीन मुंबई का ड्रग्स माफिया है। वह खुद को अंडरवर्ल्ड डान दाउद का रिश्तेदार बताता है। चार साल पहले मुंबई क्राइम ब्रांच व एंटी नारकोटिक्स टीम के रडार पर आने व ड्रग्स की तस्करी करने पर सख्ती होने से उसने अपना ठिकाना बदल दिया था।

सरगना तस्कर रिजवान, शालू बाबा व हसीन बाबू के साथ मिलकर कई जिलों में मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री संचालित कर चुका है। उसने एक फैक्ट्री जालौन में भी शुरू कराई थी, लेकिन करीब 14 दिन पहले फैक्ट्री में छापा पड़ा और गिरोह का पर्दाफाश हो गया। सरगना का खास साथी तस्कर रिजवान अहमद ने भी शहर के बाबूपुरवा व नौबस्ता के मछरिया के एक दर्जन से अधिक गुर्गाें को तैयार कर रख है। अब पुलिस सरगना और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

फजलगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि सरगना खयामुद्दीन मेफेड्रोन बनाने की फैक्ट्री पहले गिरोह के साथ मिलकर मुंबई में कई साल संचालित की है, जहां से देश के विभिन्न राज्यों व जिलों में मेफेड्रोन सप्लाई कराता था, लेकिन वर्ष 2022 में सख्ती के बाद वह रहता जरूर मुंबई में है, लेकिन ड्रग्स बनाने व तस्करी का काम दूसरे राज्यों के शहरों से कराता है। उसका नेटवर्क दुबई व अन्य देशों में भी फैला हुआ है।

थाना प्रभारी ने बताया कि खयामुद्दीन से सबसे पहले संपर्क बाबूपुरवा के रहने वाले शालू बाबा उर्फ शैलू से था। शालू ने साथी हसीन बाबू से मुंबई में मिलवाया। दोनों उसके लिए काम करने लगे। इस दौरान मुंबई में शालू पकड़ा गया था, जबकि हसीन अभी भी मुंबई में वांछित हैं।

हसीन ने साथी रिजवान अहमद को खयामुद्दीन से मिलवाया। इसके बाद दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हुई और साल में चार से पांच माह खयामुद्दीन रिजवान के घर व शहर में उसके साथ कई होटलों में रुकता था। रिजवान ने बाबूपुरवा और नौबस्ता के मछरिया में रहने वाले साथी अरबाज कट्टा, दानिश समेत लोगों के साथ मिलकर जालौन की फैक्ट्री में मेफेड्रोन बनाने के लिए कच्चा माल पहुंचाता था।

20 दिन पहले भी मेफेड्रोन के साथ सरगना का एक साथी पुलिस के लगा था हाथ

फजलगंज थाना पुलिस ने 22 अक्टूबर 2026 को भी इसी गिरोह के सरगना खयामुद्दीन के साथी नजमुद्दीन को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 101 ग्राम मेफेड्रोन ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी अंतराराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ से अधिक बताई गई थी। वह प्रयागराज तस्करी करने जा रहा था। पुलिस ने अगले दिन उसे जेल भेजा था।

यह भी पढ़ें- मुंबई से विदेश तक फैला ड्रग्स का नेटवर्क, 50 लाख की मेफेड्रोन के साथ ड्रग्स सिंडिकेट के सरगना का करीबी कानपुर में गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।