कानपुर के मैनावती मार्ग पर पांच फीट का मगरमच्छ, दहशत में राहगीर, वन विभाग की टीम ने गंगा में छोड़
कानपुर के सिंहपुर में मैनावती मार्ग पर पांच फुट का मगरमच्छ सड़क पर आ गया, जिससे राहगीरों में दहशत फैल ...और पढ़ें

मैनावती मार्ग पर मगरमच्छ। क्षेत्रीय लोग
HighLights
सिंहपुर के मैनावती मार्ग पर पांच फुट का मगरमच्छ दिखा
ग्रामीणों की भीड़ जुटी, वन विभाग और पुलिस टीम पहुंची
मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित गंगा नदी में छोड़ा गया
संवाद सहयोगी, बिठूर(कानपुर)। सिंहपुर के मैनावती मार्ग पर गुरुवार देर रात मगरमच्छ निकल आया। पांच फीट लंबे मगरमच्छ को सड़क पर देख राहगीर रुक गए। मगरमच्छ निकलने की जानकारी पाकर ग्रामीणों की भीड़ लगने लगी। इसकी सूचना 112 नंबर पर दी गई। मौके पर पुलिस व वन विभाग की टीम पहुंची। आधे घंटे प्रयास करने के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया गया। उसे वापस गंगा में छोड़ दिया गया।
गंगा का जलस्तर बढ़ने पर मगरमच्छों के पानी से बाहर आने का सिलसिला क्रम जारी है। पानी से बाहर निकलकर मगरमच्छ सड़क पर आ गया। मगरमच्छ को देखकर वाहनों चालकों ने अपने वाहनों को रोक दिया। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की सहायता से मगरमच्छ को चारों ओर से घेर लिया। लगभग आधे घंटे के बा उसे रस्से डालकर पकड़ा जा सका। थाना प्रभारी बिठूर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि वन विभाग की सहायता से मगरमच्छ को पकड़ कर गंगा में वापस भेज दिया गया।
बता दें कि 9 सितंबर को भी रौतापुर और उमरी के बीच मुख्य सड़क पर मगरमच्छ दिखाई दिया, जिसका वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। वहीं, 23 अगस्त को बिठूर के पास बनियापुरवा गांव और आजाद मैगी प्वाइंट के सामने बैराज हाईवे पर भी मगरमच्छ सड़क किनारे आ पहुंचा था। सड़क पर मगरमच्छ देख स्टॉल पर बैठे लोग और राहगीर गाड़ियां रोककर भाग खड़े हुए थे। बाद में उसे गंगा में छोड़ा गया।
दरअसल, बिठूर क्षेत्र का बड़ा हिस्सा गंगा के कछारी इलाके और बड़े नालों से जुड़ा हुआ है। अगस्त-सितंबर में गंगा का जलस्तर बढ़ जाता है। इससे पनकी नहर और कछारी नालों के जरिए मगरमच्छ इंदिरा नगर, सिंहपुर, कल्याणपुर-शिवली रोड और मैनावती मार्ग की तरफ आ जाते हैं।
