कांग्रेस मे गुटबाजी, कानपुर महानगर कांग्रेस की संगठन सृजन बैठक में मारपीट, महिला पदाधिकारी ने पीटा
उत्तर-दक्षिण को एक करके संगठन मजबूती के प्रयास को कांग्रेस पार्टी को लगातार झटका लग रहा है। कांग्रेस में गुटबाजी फूटकर सामने आई है। कानपुर महानगर कांग्रेस की संगठन सृजन बैठक में मारपीट हो गई। महानगर अध्यक्ष के सामने ही कांग्रेसी भिड़ गए। महिला पदाधिकारी ने कार्यकर्ता की पिटाई कर दी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर-दक्षिण खत्म करके संगठन मजबूती के लिए महानगर कांग्रेस कमेटी की घोषणा हुई, लेकिन एकजुटता के प्रयास को लगातार झटके लग रहे हैं। कद के हिसाब से पद नहीं मिलने पर धड़ाधड़ इस्तीफे होने के बाद उन्हें संभालने के लिए 75 पदाधिकारियों के स्थान पर 98 पदाधिकारी बनाकर खाई पाटने की कोशिश हुई। फिर भी गुटबाजी इतनी बढ़ी कि रविवार को किदवई नगर में संगठन सृजन की बैठक में दो गुटों में हंगामा के साथ मारपीट हो गई।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता भी बैठक में थे पर हंगामा नहीं रोक पाए। महानगर महासचिव संजीव मिश्रा समेत कई पदाधिकारियों ने इस्तीफे प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भेज दिए। प्रदेश अध्यक्ष ने असंतुष्टों को मंगलवार को लखनऊ बुलाया है।
इस बीच संगठन सृजन के लिए वार्डों-बूथों तक महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता बैठकें कर रहे हैं, लेकिन पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा। विधानसभा क्षेत्रों से कम से कम तीन व अधिकतम आठ नाम तक 2027 के चुनाव में प्रत्याशिता के लिए भेजने में उन्होंने अपने बेटे अभिमन्यु का नाम भी किदवई नगर विधानसभा सीट से भेज दिया। इसे लेकर विरोध के सुर फूटे। दक्षिण में पदाधिकारी चयन में खेमेबंदी शुरू हो गई। किदवई नगर में वार्ड 84 के अंतर्गत बैठक में इसका ही असर रविवार को दिखा।
वार्ड अध्यक्ष के चयन को लेकर बात शुरू हुई तो फिर हंगामा होने लगा। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे एक कार्यकर्ता ने वीडियो बनाना शुरू किया तो महिला पदाधिकारी ने उसे पीट दिया। इसका जिला महासचिव संजीव मिश्रा ने विरोध किया तो उनसे भी हाथापाई की गई। संगठन के लोगों ने दोनों को किसी तरह शांत कराया। फिर दोनों पक्षों से लोग आए और जमकर हंगामा व मारपीट हुई। संजीव ने बताया कि संगठन के लिए जी-जान से हमेशा खड़े हुए, लेकिन महानगर कमेटी में उनके लोगों को उचित स्थान नहीं मिल रहा है।
किदवई नगर में संगठन सृजन बैठक में बूथवार बीएलए बनाने थे। पदाधिकारियों को बुलाया गया था, लेकिन कुछ अनाधिकृत लोग आने पर मना किया गया। इसे लेकर ही बस आपसी कहासुनी हुई। कोई झगड़ा, हंगामा व मारपीट नहीं हुई। इस्तीफा देने की अभी कोई जानकारी नहीं है।
-पवन गुप्ता, महानगर अध्यक्ष।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।