कानपुर पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बोले- वोट चोरी से काशी में हारा गठबंधन, कानपुर को मिला धोखा
कानपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय पहुंचे। उन्होंने भाजपा पर वोट चारी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा वोट चोरी से काशी में हारा गठबंधन कानपुर को धोखा मिला है। व्यापारी-मजदूर त्राहिमाम कर रहे हैं। औद्योगिक नगरी कानपुर से से उद्योगों का पलायन हो रहा है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस के परंपरागत जुलूस के बाद जनसभा में मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि काशी में लोकसभा चुनाव कांग्रेस गठबंधन जीत चुका था, लेकिन वोट चोरी करके उन्हें हराकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जीत दिला दी गई। औद्योगिक नगरी कानपुर को हमेशा धोखा मिला। उद्योगों का पलायन हो रहा है।
उन्होंने कहा, लाल इमली समेत दूसरी मिलों को भाजपा ने वादा करने के बाद भी शुरू नहीं कराया। व्यापारिक पहचान को भाजपा ने खत्म कर बेरोजगार व पिछड़ा बनाया। नतीजा, व्यापारी-मजदूर त्राहिमाम कर रहे हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। स्मार्ट की जगह गड्ढे वाली सिटी है। गंगा सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत हर मामले में भाजपा सरकार फेल साबित हुई है। बिजली की कीमतों में वृद्धि कमर तोड़ रही।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कानपुर वीरों की धरती है, जहां कांग्रेस अब मजबूती से आगे बढ़ी है। विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया निश्चित है। जनसभा की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष व संयोजक पवन गुप्ता, संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने किया। इससे पहले तिलक हाल से जुलूस कई बैंड, ट्रालियों, झांकियों व हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ निकला। नयागंज से प्रदेश अध्यक्ष जुलूस में शामिल हुए। थोड़ा पैदल चलकर वह रथ पर सवार हुए।
फूलबाग में वरिष्ठ उपाध्यक्ष शंकरदत्त मिश्रा ने वंदेमातरम् गायन के साथ जनसभा की शुरुआत कराई। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि 78 साल की पुरानी परंपरा को प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि के रूप में आकर कायम रखा। पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष संदीप शुक्ला, देहात अध्यक्ष अंबरीष सिंह गौर, सुहेल अंसारी, संजीव दरियाबादी, जोनल प्रभारी गयादीन अनुरागी, करिश्मा ठाकुर, नरेश कटियार, दीपक त्रिवेदी बल्ली, आनंद प्रकाश वर्मा, अमनदीप सिंह गंभीर, उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।