सूर्य की पहली किरण पड़ते ही घाटों में गूंजे छठी मइया के जयकारे, आतिशबाजी के बीच कानपुर में व्रतियों ने दिया अर्घ्य
कानपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजन के अरुणोदय अर्घ्य पर घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रतियों ...और पढ़ें

घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जागरण
HighLights
कानपुर के घाटों पर छठ महापर्व का अरुणोदय अर्घ्य संपन्न
व्रतियों ने सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का व्रत तोड़ा
ढोल नगाड़े, आतिशबाजी और जयकारों से गूंज उठे घाट
जागरण संवाददाता, कानपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजन में अरुणोदय अर्घ्य देने के लिए के लिए सोमवार को भोर पहर से घाटों पर आस्था का संगम देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में व्रतियों ने शंखनाद के बीच दीप प्रज्वलित कर छठ मइया का वंदन पूजन किया।
अरुणोदय सूर्य की पहली किरण के साथ ही जल में खड़े व्रतियों ने भगवान सूर्य को जल अर्पित महाव्रत का पारण किया। सूर्य की प्रथम किरण के साथ ही ढोल नगाड़े और आतिशबाजी घाटों पर शुरू हो गई। घाटों पर भगवान सूर्य की प्रथम किरण का इंतजार कर रही व्रतियों ने अर्घ्य देने से पहले सिंदूर भराई की रस्म अदा की।

व्रतियों ने एक दूसरे की मांग में सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य प्रार्थना की। भगवान सूर्य और छठ मइया के जयकारों की गूंज के बीच व्रतियों ने अर्घ्य महाव्रत का पारण किया। व्रतियों ने संतान की दीर्घायु परिवार कल्याण सुख समृद्धि और अखंड सौभाग्य की प्रार्थना करते हुए 36 घंटे के निर्जला व्रत को पूरा किया।
घाटों पर भक्तों में व्रतियों ने ठेकुआ का प्रसाद वितरित कर महापर्व धूमधाम से मनाया। ढोल नगाड़े और आतिशबाजी के मनोहारी दृश्य के बीच लोक आस्था का महापर्व व्रतियों ने धूमधाम से मनाया।

भोर पहर से ही सिर पर डाला लेकर छठ मैया का गुणगान करते हुए भक्त सूरज देवता को अर्घ्य देने के लिए पनकी, अरमापुर, सीटीआइ, गुजैनी, हाथी पार्क, रावतपुर, दबौली, शास्त्री नगर और गंगा बैराज सहित शहर के विभिन्न पूजन स्थलों पर पहुंचे।

वेदी पूजन कर व्रतियों ने छठ मइया की आराधना करते हुए दीपदान किया। पनकी नहर में ढोल नगाड़े और आतिशबाजी के साथ वेदियों पर प्रज्वलित दीप का मनोहारी दृश्य लोक आस्था के महापर्व के महत्व से परिचित करा रहा था। भोर अर्घ्य से पहले व्रतियों ने वेदी के मनोकामना पूर्ति के लिए समक्ष कोसी पूजन किया।
पनकी नहर में कोसी भरकर घाट पर वेदी पूजन किया। उग हो सूरज देव अरग के बेर..., उगीं हे दीनानाथ..., कोसी भराई अंगना...और कांच ही बांस के बहंगिया... गीतों से पूजन घाट गूंज उठे। इसी प्रकार अरमापुर नहर स्थित वेदियों पर विधिवत पूजन अर्चन का दौर चलता रहा। व्रतियों और उनके स्वजनों ने ढोल नगाड़े और आतिशबाजी के बीच सूर्य देवता के आगमन का स्वागत किया।

पनकी, अरमापुर, शास्त्री नगर, सीटीआइ, गुजैनी, गंगा बैराज स्थित अटल घाट पर सामूहिक पूजन का मनोहारी दृश्य देखने को मिला। पनकी नगर, अरमापुर नहर, अटल घाट, शास्त्री नगर में युवा बड़ी संख्या में आस्था के महापर्व में शामिल हुए। अटल घाट पर गार्गीने व पनकी नहर में मुंबई की लावण्या ने भोर पूजन अर्घ्य के महत्व को जाना। वे परिवार सहित पिछले कई वर्षों से लोक आस्था का महापर्व की साक्षी बनीं।

छठ मइया के जयकारे और शंखनाद से गूंज उठे घाट
पूर्वांचल भोजपुरी छठ पूजा समिति की ओर से पनकी नहर में आयोजित छठ पूजन आयोजन में घाटों पर छठ मइया के जयकारे और ढोल नगाड़ों की गूंज रही। पनकी नहर पूजा स्थल पर संध्या अर्घ्य से शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का दौर भोर पहर अरुणोदय अर्घ्य तक चलता रहा। भगवान भास्कर को भक्तों ने शंखनाद के बीच सामूहिक अर्घ्य दिया।
व्रतियों के खूब ली सेल्फी
महापर्व के लिए पनकी, अरमापुर और गंगा बैराज के घाटों पर एकत्र हुए भक्तों में आरती पूजन के साथ सेल्फी का दौर भी खूब देखने को मिला। वेदी पूजन और भगवान सूर्य को अर्घ्य के दौरान व्रतियों ने अपने स्वजन के साथ खूब सेल्फी ली और लोक आस्था के महापर्व की यादों को कैमरों में कैद किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।