बिठूर में डूब गया विश्व का केंद्र बिंदु, जानिए क्या है ब्रह्म खूंटी का रहस्य Kanpur News
दुनिया का केंद्र बिंदु ब्रह्म खूंटी तक गंगा का जलस्तर पहुंचने से तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। ...और पढ़ें

कानपुर, जेएनएन। बिठूर में दिन पर दिन गंगा का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। शनिवार शाम तक गंगा के जलस्तर में इतनी बढ़ोतरी हुई कि दुनिया का केंद्र बिंदु कहलाने वाले ब्रह्म खूंटी भी डूब गई। घाटों के नजदीक रहने वालों ने खतरे की आशंका पर सामान बटोरना शुरू कर दिया है।
जानें, क्या है ब्रह्म खूंटी
ऐसा माना जाता है कि बिठूर में गंगा नदी किनारे स्थित ब्रह्म खूंटी ही संपूर्ण विश्व का केंद्र बिंदु है, इस बात कई मनीषी और विदेशी वैज्ञानिक भी प्रमाणित कर चुके हैं। वहीं दूसरी ओर मान्यता है कि ब्रह्मा जी ने बिठूर में इसी स्थान पर बैठकर सृष्टि की रचना की थी। उन्होंने इसी स्थान पर 99 यज्ञ किए थे, जिससे राजा मनु की उत्पत्ति हुई थी। उनका आधा शरीर पुरुष और आधा स्त्री का था। ब्रह्मा जी ने स्त्री को अलग कर रानी शकुंतला नाम दिया और फिर उन्हें सृष्टि रचना का आदेश दिया।
एक किवदंती यह भी है कि यज्ञ खत्म होने के बाद ब्रह्मा जी जाने को हुए तो उनके दाहिने पैर की खड़ाऊं धरती में धंस गई। खड़ाऊं पाताल में चला गया लेकिन अंगूठे और अंगुली के बीच कील धरती के ऊपर रह गई। जाते समय ब्रह्माजी ने कहा कि आने वाले समय में खूंटी विख्यात होगी।
खूंटी का डूबना देता अच्छी बारिश का संकेत
बुजुर्गों का मानना है कि बारिश के समय खूंटी का गंगा नदी में डूबना अच्छी बारिश का संकेत देता है। वहीं कुछ पंडितों का कहना है कि जिस तरह प्रयागराज में गंगाजी बड़े हनुमान जी का स्नान प्रतिवर्ष जरूर कराती हैं, ठीक उसी तरह ब्रह्म खूंटी को भी मां गंगा स्पर्श जरूर करती हैं। इस बार भी गंगा मइया का पानी ब्रह्मा जी की खूंटी तक पहुंच गया है। सीढिय़ों तक गंगा जल आने से अब श्रद्धालु खूंटी तक दर्शन के लिए नहीं पहुंच पा रहे हैं।
बाढ़ के प्रति सचेत करता है खूंटी तक पहुंचा जलस्तर
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश और नरौरा बांध से छोड़े जा रहे पानी से गंगा में जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। बिठूर में ब्रह्म खूंटी के डूबने के बाद तटवर्ती गांवों के लोग बाढ़ को लेकर सचेत हो जाते हैं। ऐसा मानते हैं कि ब्रह्मा खूंटी तक गंगा पहुंचना बाढ़ की चेतावनी है। शनिवार की शाम छह बजे गंगा सुरक्षा समिति के सदस्य बच्चा तिवारी, कल्लू मिश्रा, राजू बाबा, प्रदीप शुक्ला पानी का स्तर बढ़ता देख आसपास के लोगों को जानकारी दी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को पानी की स्थिति से अवगत कराया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।