Kanpur Politics: डिंपल यादव पर हुई टिप्पणी पर भाजपा का सपा पर निशाना, बोले-सत्ता के लिए पत्नी का अपमान सह रहे अखिलेश
कानपुर में भाजपा ने सपा सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी की अभद्र टिप्पणी को लेकर अखिलेश यादव पर निशाना साधा। भाजपा ने कहा कि अखिलेश सत्ता के लालच में पत्नी का अपमान सह रहे हैं और कार्रवाई नहीं कर रहे। भाजपा ने इस टिप्पणी को महिलाओं का अपमान बताया।

जागरण संवाददाता, कानपुर। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पर आल इंडिया इमाम संगठन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी की अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा ने समाजवादी पार्टी को ही निशाने पर लिया है। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सोमवार को नवीन मार्केट स्थित कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि सत्ता के लालसा में अखिलेश यादव पत्नी का अपमान सह रहे हैं। इसीलिए वह आल इंडिया इमाम संगठन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ कुछ नहीं बोल रहे।
उन्होंने कहा कि डिंपल यादव पर सार्वजनिक मंच से की गई आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी पर भाजपा में नाराजगी है। यह महिलाओं का अपमान है। यह बेहद शर्मनाक है कि महिला के साड़ी पहनने पर अश्लील टिप्पणी की गई। समाजवादी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस पर मौन है। अखिलेश यादव सत्ता पाने की लालसा में अपनी ही पत्नी का अपमान सहन कर सकते हैं, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों और पारिवारिक मर्यादाओं का भी घोर उल्लंघन है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अगर ऐसी टिप्पणी किसी अन्य धर्म के धर्माचार्य ने की होती तो सपा के मुस्लिम नेताओं ने आसमान सिर पर उठा लिया होता लेकिन चूंकि यह बयान एक मुस्लिम धर्माचार्य ने दिया है, इसलिए समाजवादी पार्टी का कोई भी नेता कुछ भी कहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा। यह दोहरे मापदंड का स्पष्ट प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जो समाज में नफरत और महिला विरोधी विचार फैलाते हैं, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यह केवल एक महिला सांसद का नहीं, बल्कि पूरे देश की महिलाओं के आत्मसम्मान का मामला है। भाजपा इसे हल्के में नहीं ले सकती। उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि या तो सपा मुखिया अपनी पत्नी के सार्वजनिक अपमान के लिए मौलाना के विरुद्ध एफआइआर कराएं या फिर इस्लाम के कायदे अनुसार मस्जिद में बुर्का पहना कर ले जाएं। ऐसे मौलानाओं के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
संयुक्त पत्रकार वार्ता में उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा आदि रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।