Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'हमें 10% कमीशन मिलता है...', अपने ही विधायक के बयान पर असहज हुई BJP; विपक्ष को मिला राजनीतिक हथियार

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 09:41 AM (IST)

    कानपुर के किदवई नगर से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी ने एक विवादित बयान दिया है जिसमें उन्होंने विकास कार्यों में कमीशनखोरी की बात कही है। उन्होंने कहा कि उन्हें विधायक निधि में 10% कमीशन मिलता है। इस बयान के बाद विपक्ष हमलावर हो गया है जबकि भाजपा बचाव की मुद्रा में है। कांग्रेस और सपा ने इस बयान की कड़ी निंदा की है और कार्रवाई की मांग की है।

    Hero Image
    हमें मिलता 10 प्रतिशत कमीशन मिलने वाले विधायक के बयान पर असहज हुई भाजपा। फोटो-X/@MTrivediBJP

    जागरण संवाददाता, कानपुर। किदवई नगर से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी ने विकास कार्यों में कमीशनखोरी की पोल खोल दी है। गुरुवार को पार्टी की एक बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम लोगों को सैलरी मिल रही है। विधायक निधि में भी ईमानदारी से 10 प्रतिशत कमीशन मिलता है। तुम लोगों को क्या मिलता है?

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस बात पर वहां मौजूद कार्यकर्ता हंसने लगते हैं और तालियां गूंजती हैं। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित होने के बाद अब भाजपा असहज हो गई है। पार्टी नेता बचाव की मुद्रा में हैं तो विपक्ष हमलावर हो गया है।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़े के कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर भाजपा में बैठकों का दौर चल रहा है। ऐसी ही एक बैठक गुरुवार को बर्रा के चंद्रलोक गेस्ट हाउस में हुई। इसमें विधायक महेश त्रिवेदी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

    उन्होंने कहा कि उन्हें तो वेतन के साथ ही ईमानदारी से विधायक निधि का 10 प्रतिशत कमीशन भी मिलता है। अब महेश त्रिवेदी के विधायक निधि में कमीशन लेने की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकारने के बाद भाजपा संगठन बचाव की मुद्रा में है। वहीं, विपक्ष को हमला करने के लिए एक हथियार मिल गया है।

    इस संबंध में बात करने के लिए विधायक महेश त्रिवेदी से बात करने का प्रयास किया गया। उनके फोन पर घंटी जाती रही लेकिन नहीं उठा। दूसरी बार फोन स्विच ऑफ हो गया। वाट्सएप पर भी संदेश भेजा गया लेकिन उसका जवाब नहीं मिला।

    कांग्रेस और सपा ने बयान को बनाया मुद्दा

    विधायक महेश त्रिवेदी के बयान के बाद कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि भाजपा वोट चोर है, भाजपा कमीशन चोर है। यह दर्शाता है कि भाजपा के राज में भ्रष्टाचार हर हद पार कर चुका है। भाजपा के लोग जनता के पैसे और भरोसे को चुराते हैं। दुखद यह है कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता इस बयान पर तालियां बजा रहे हैं।

    इस बयान को आधार बनाकर संविधान और कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को इसका संज्ञान लेना चाहिए। कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मामले में संघर्ष करेगी।

    समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि महेश त्रिवेदी अपने कार्यकर्ताओं को क्या देना चाहते हैं, यह अलग बात है लेकिन समाज में इस तरह की बातें कर भ्रांति नहीं फैलानी चाहिए। यह ऐसी बात है जिसे जितना खोलेंगे, उतनी ही खराब स्थिति सामने आएगी।

    बैकफुट पर आई भाजपा

    मामले में भाजपा के नेता बैकफुट पर हैं। विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने कहा कि हमारे खाते में पैसा नहीं आता है। हमें अपने लेटर पैड पर केवल काम का प्रस्ताव देना होता है। सरकार विभागों से कार्य तय कर देती है। इसकी टेंडर प्रक्रिया होती है। वहीं, विधायक नीलिमा कटियार ने दो टूक कहा कि जिसने यह बात कही है, उससे ही पूछिए।

    क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है, महेश त्रिवेदी से पूछ कर ही बता सकते हैं। वहीं, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि उन्होंने सुना तो है लेकिन वास्तव में ऐसा कुछ कहा गया है या नहीं, इसके बारे में उन्हें पता नहीं है।