Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    BJP Candidate List: एक सप्ताह दिल्ली में बिताने के बाद भी… कानपुर में पचौरी का टिकट कटा, भाजपा ने इन्हें बनाया प्रत्याशी

    Updated: Mon, 25 Mar 2024 12:00 AM (IST)

    भाजपा ने सांसद सत्यदेव पचौरी का टिकट काटते हुए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व पत्रकार रमेश अवस्थी को कानपुर सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। देर शाम प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही दोपहर में सत्यदेव पचौरी को पार्टी की ओर से संकेत दे दिया गया था। जानकारी हो जाने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र भेजा कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते।

    Hero Image
    BJP Candidate List: एक सप्ताह दिल्ली में बिताने के बाद भी… कानपुर में पचौरी का टिकट कटा।

    जागरण संवाददाता, कानपुर। भाजपा ने सांसद सत्यदेव पचौरी का टिकट काटते हुए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और पूर्व पत्रकार रमेश अवस्थी को कानपुर सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। देर शाम प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही दोपहर में सत्यदेव पचौरी को पार्टी की ओर से संकेत दे दिया गया था। जानकारी हो जाने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र भेजा कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रत्याशियों की सूची जारी करते समय पिछले दिनों पार्टी ने नौ सीटों पर सांसदों का दोबारा प्रत्याशी घोषित कर दिया था। उस समय कानपुर सीट की घोषणा रोक ली गई थी। उसी समय अंदेशा हो गया था कि सत्यदेव पचौरी का टिकट कट सकता है। उसके बाद भी सांसद सत्यदेव पचौरी पिछले एक सप्ताह से ज्यादा समय से दिल्ली में ही रुके हुए थे। 

    रविवार दोपहर को उन्हें पार्टी नेतृत्व की तरफ से संकेत कर दिया गया था कि उन्हें पार्टी दोबारा प्रत्याशी नहीं बनाने जा रही है। यह संकेत मिलने के बाद सांसद सत्यदेव पचौरी कानपुर के लिए वापस चल दिए और उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नाम एक पत्र भी जारी किया कि वह चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं हैं। पार्टी उन्हें संगठन में जो कार्य देगी उसे वह करेंगे।

    देर शाम पार्टी ने कानपुर सीट से रमेश अवस्थी को टिकट दे दिया। रमेश अवस्थी ने सहारा ग्रुप के दैनिक समाचार पत्र राष्ट्रीय सहारा और सहारा समय में फर्रुखाबाद के जिला प्रभारी से लेकर शीर्षस्थ पदों पर रहकर पत्रकारिता में विशिष्ट स्थान बनाया। वह भारत सरकार की हिंदी राजभाषा सलाहकार समिति और उत्तर प्रदेश की स्वच्छता समिति के सदस्य हैं। 

    कई वर्षों से वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में 'अटल काव्यांजलि' का आयोजन करते हैं। पूर्व में वह दो बार बांदा से भी लोकसभा की टिकट के लिए प्रयास करते रहे हैं। 

    इसी माह वह पत्रकारिता को विराम देकर सहारा न्यूज नेटवर्क में ग्रुप एडिटर, एडमिनिस्ट्रेशन हेड और चैनल हेड के पदों से त्यागपत्र दे चुके हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि रमेश अवस्थी को पार्टी अपने लक्ष्य के मुताबिक पांच लाख से जिताया जाएगा।