बारिश से बाधित मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ए नौ विकेट से जीता, तिलक वर्मा ने खेली 94 रनों की जुझारू पारी
कानपुर में भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच हुए दूसरे वनडे में बारिश से बाधित मैच में ऑस्ट्रेलिया ए ...और पढ़ें

अंकुश शुक्ल, कानपुर। भारत ए व ऑस्ट्रेलिया ए सीरीज के दूसरे वनडे में नौ विकेट की जीत हासिल कर ऑस्ट्रेलिया ए ने पहले मैच में मिली 171 रनों की हार का बदला शुक्रवार को ले लिया।
मैच में भारत ए के 246 रनों के जवाब में उतरी कंगारू टीम ने 5.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 48 रन बना लिए थे, लेकिन शाम 6.15 बजे शुरू हुई वर्षा के कारण मुकाबला करीब तीन घंटे तक बाधित रहा।
इसके बाद 9.30 बजे दोबारा शुरू हुए मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया ए की टीम 25 ओवर में 160 रनों का लक्ष्य मिला। इसे कंगारू टीम के सलामी बल्लेबाज मैकेंजी हार्वे (70) और कूपर कोनोली (50) की अर्धशतकीय पारी ने 16.4 ओवर में हासिल कर तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।
कंगारू टीम का एकमात्र विकेट 6.5 ओवर में जैक फ्रेजर के रूप में गिरा। फ्रेजर 20 गेंदों में 36 रन बनाकर निशांत सिंधु का शिकार हुए। अब पांच अक्टूबर को सीरीज का तीसरा व अंतिम मुकाबला खेला जाएगा।
इससे पहले दोपहर में ग्रीन पार्क में दूसरे वनडे में टास जीतकर ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम भारत ए की पारी शुरुआती झटके मिलने के बाद लड़खड़ाई, लेकिन एक बार फिर तिलक वर्मा एक छोर संभालकर खड़े हो गए।
छह ओवर के भीतर ही तीन विकेट गिरने पर क्रीज पर आए रियान पराग (58 रन) के साथ शतकीय साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तिलक वर्मा ने अपनी पारी के दौरान 122 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके व पांच छक्के की मदद से 94 रन बनाए।
उन्होंने मैदान के हर ओर शाट लगा ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को गलती करने के लिए मजबूर किया। इसका फायदा निचले क्रम के बल्लेबाजों को हुआ। रवि विश्नोई (30), हर्षित राणा (21) व अर्शदीप (10) नाबाद रहे।
टीम के अंतिम विकेट के रूप में तिलक पवेलियन लौटे। वह 45.5 ओवर में जैक एड्वर्ड की गेंद पर बड़ा शाट लगाने के चक्कर में कूपन कोनोली के हाथों बाउंड्री पर लपके गए।
वहीं, एशिया कप में धमाल मचाकर ग्रीन पार्क में उतरे अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले जैक एड्वर्ड की गेंद पर विल सदरलैंड के हाथों स्लिप पर लपके गए। दूसरे छोर पर खड़े प्रभसिमरन सिंह ने भी निराश किया और एक रन बनाकर विल सदरलैंउ की गेंद पर लैचन शा को कैच दे बैठे।
