कानपुर में जो काम UP Police की 8 टीमें न कर पाईं , वो AI ने 5 मिनट में कर दिखाया, लुटेरे को पकड़वाया
कानपुर में पुलिस की आठ टीमें जिस सोने की चेन और माला लूट के मामले को सुलझा नहीं पाईं, उसे ...और पढ़ें

HighLights
पुलिस की आठ टीमें लूट का मामला सुलझाने में विफल रहीं
एआई ने धुंधली सीसीटीवी फुटेज से नंबर प्लेट साफ की
एआई की मदद से एक लुटेरा गिरफ्तार, दो अन्य फरार
शैलेंद्र त्रिपाठी, महाराजपुर ( कानपुर)। बीती नौ अक्टूबर को सोने की चेन और माला लूट की घटना के बाद महाराजपुर, चकेरी, नर्वल और सर्विलांस की नौ पुलिस टीमें शहर के साथ फतेहपुर, उन्नाव और कानपुर देहात में आरोपितों की तलाश कर रही थीं। करीब चार सौ सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद भी धुंधले दृश्यों से सुराग नहीं मिला।
इसके बाद पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) की मदद ली। एआइ से बाइक की नंबर प्लेट साफ कराई गई और सीडीआर व मोबाइल लोकेशन डेटा का विश्लेषण कर आरोपितों के नेटवर्क और भागने के रास्ते का पता लगाया गया। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल बाइक के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया। दो अन्य फरार हैं, जिनकी पहचान हो चुकी है।
महाराजपुर के महोली मोड़ स्थित देहाती ढाबे के संचालक भानू प्रताप सिंह के गले से चेन और सोने के दाने वाली रुद्राक्ष माला झपटकर तीन बाइक सवार सरसौल की ओर भागे थे। पुलिस ने गौरिया, महाराजपुर निवासी 19 वर्षीय गोलू यादव को गिरफ्तार किया।
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने शनिवार को बताया कि गोलू ने फरार साथियों अमन यादव निवासी सुभौली, महाराजपुर और ऋषभ पाल निवासी गौरिया, महाराजपुर के नाम बताए हैं। दोनों की तलाश जारी है।
गोलू को माला में से 10 सोने के दाने मिले थे, जिन्हें उसने 23 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस ने 20 हजार रुपये बरामद किए हैं। लूट में इस्तेमाल बाइक अमन की है। गोलू के मुताबिक, लूटी गई चेन फरार आरोपितों के पास है। पीड़ित ढाबा संचालक गोलू को पहचान न लें, इसलिए वह बाइक चालू रखकर हाईवे किनारे खड़ा था।
तीनों पहले भी ढाबे की रेकी कर चुके थे। गोलू को जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि एआइ ने धुंधली फुटेज से बाइक के तीन संभावित नंबर दिए। जांच में नंबर दलेलपुर, बिठूर के सिंहपुर और महाराजपुर के सुभौली से जुड़े मिले। फुटेज में आरोपितों का सुभौली मार्ग पर दिखना और पीड़ित का वहां मित्र होना जांच में अहम रहा। पुलिस ने इसी आधार पर बाइक और गोलू का पता लगाया।
