मिलावटखोरों पर कार्रवाई, कानपुर में फिरोजाबाद और इटावा से लाया गया 2200 किलो खोवा नष्ट कराया
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कानपुर में फिरोजाबाद और इटावा से लाए गए 2200 किलो संदिग्ध खोवे को जब्त कर नष्ट ...और पढ़ें

कल्याणपुर में नगर निगम के डंपिंग यार्ड में खोवा को नष्ट कराती खाद्य विभाग की टीम। सौ.सूचना विभाग
HighLights
कानपुर में 2200 किलो संदिग्ध खोवा जब्त कर नष्ट किया।
खोवा फिरोजाबाद और इटावा से बिक्री के लिए लाया गया था।
दुर्गंध आने पर नमूने जांच के लिए भेजे गए, कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर करीब 2200 किलो संदिग्ध खोवा पकड़कर नगर निगम यार्ड में नष्ट कराने की कार्रवाई की। इसकी अनुमानित कीमत 7.73 लाख रुपये बताई गई। खोवा फिरोजाबाद और इटावा से कानपुर बिक्री के लिए लाया जा रहा था। खोवा से दुर्गंध आने पर तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए। पहली कार्रवाई टीम ने भौती मोड़ पर महिंद्रा पिकअप को रोककर जांच की।
वाहन में 29 बोरियों में 1150 किलो खोया मिला। इसकी कीमत करीब 4.06 लाख रुपये आंकी गई। पूछताछ में इसे फिरोजाबाद के शिकोहाबाद से लाया जाना बताया गया। गंदी बोरियों में खुले वाहन से परिवहन और दुर्गंध मिलने पर दो नमूने लेकर शेष खोया नष्ट करा दिया गया।वहीं, दूसरी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने छोटे मालवाहक वाहन से 1050 किलो खोया पकड़ा। इसकी कीमत करीब 3.67 लाख रुपये थी।
यह खोया इटावा से कानपुर बिक्री के लिए लाया जा रहा था। अस्वच्छ परिस्थितियों में बिना तापमान नियंत्रण के परिवहन के चलते इसमें भी दुर्गंध मिली। टीम ने एक नमूना लेकर बाकी खोया कल्याणपुर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में नष्ट करा दिया।सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह ने बताया कि पर्वों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गोविंदपुरी आउटर पर 300 किलो खोया छोड़कर भागे व्यापारी, टीम ने कराया नष्ट
सोमवार को भी खाद्य विभाग की टीम ने गोविंदपुरी आउटर पर करीब तीन सौ किलोग्राम खोया पकड़ा। फफूंद-कानपुर सेंट्रल मेमू ट्रेन से खोया उतारकर आटो में लादा जा रहा था। टीम को देखकर व्यापारी खोया और आटो छोड़कर रेलवे लाइन पार कर भाग गए। जांच में खोवा बेहद गंदी बोरियों में रखा मिला। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि विभागीय टीम ने गोविंदपुरी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट ले जाकर नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।