शादी की जिद... कन्नौज में 38 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, टावर पर पुलिस के सामने प्रेमी ने भरी मांग; फिर साथ उतरे
प्रेमी की शादी तय होने से नाराज युवती कन्नौज में मोबाइल टावर पर चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी दी। ...और पढ़ें

टावर पर चढ़ा युवक। जागरण
HighLights
प्रेमी की शादी तय होने से युवती टावर पर चढ़ी
आत्महत्या की धमकी दी, पुलिस और परिवार मौके पर पहुंचे
प्रेमी ने टावर पर ही सिंदूर भरकर शादी की घोषणा
संवाद सूत्र, चपुन्ना(कन्नौज)। गांव में रहने वाले प्रेमी की शादी तय होने से नाराज युवती मोबाइल के टावर पर चढ़ गई। प्रेमी के साथ शादी न होने पर युवती ने नीचे कूदकर आत्महत्या की धमकी दी। पुलिस की मौजूदगी में टावर पर चढ़कर प्रेमी ने सिंदूर से युवती की मांग भरकर शादी की घोषणा दी। इसके बाद दोनों साथ टावर से नीचे उतर आए।
सौरिख थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 20 वर्षीय युवती का गांव में रहने वाले 22 वर्षीय युवक से प्रेम-प्रसंग चलता। स्वजन को जब इसकी जानकारी हुई, तो युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी थी। वहीं तीन माह पूर्व युवक की शादी मैनपुरी जनपद से तय हो गई।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे युवती ने तय जगह शादी न करने की बात कही। इसके बाद घर से निकल गांव में लगे मोबाइल के टावर पर वह चढ़ गई। करीब 35 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर युवती ने कहा कि अगर प्रेमी से शादी न हुई, तो वह जान दे देगी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई। स्वजन और पुलिस ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद पुलिस ने युवक को बुलाया। युवक भी जेब में सिंदूर डालकर टावर के ऊपर चढ़ गया।
सिंदूर से युवती की मांग भरकर शादी कर लेने की घोषणा की। इसके बाद दोनों साथ-साथ टावर के नीचे उतरे। इस दौरान स्वजन के सामने युवती ने युवक के पैर छूते हुए कहा कि वह पत्नी धर्म निभाएगी।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि युवती को समझाया गया है। इसके बाद उसे माता-पिता को सुपुर्द कर दिया गया।
