Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kannauj News: कन्नौज में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन मकान का लेंटर ढहने से दो मजदूरों की मौत, 11 घायल

    By amit kuswaha Edited By: Anurag Shukla1
    Updated: Sun, 13 Jul 2025 06:30 PM (IST)

    कन्नौज में बड़ा हादसा हुआ है। एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर ढहने की वजह से दो मजदूरों की मौत हो गई 11 घायल हो गए। मामला गांव भवानीपुर का है। हादसे के बाद दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य जारी किया। मलबे में दबे दोनों मजदूरों को निकाला गया।

    Hero Image
    कन्नौज में लेंटर ढहने से दो मजदूरों की मौत।

    जागरण संवाददाता, कन्नौज। जिले के गुरसहायगंज कोतवाली के उत्तिमापुर पट्टी गांव में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिरने से नीचे काम कर रहे दो मजदूरों की मलबे में दबने से मौत हो गई। इसके अलावा मलबे की चपेट में आकर 11 मजदूर घायल हो गए। हादसा होते ही सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की मदद से दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे बाद शवों को बाहर निकाला। मृतकों के स्वजन ने हंगामा कर मुआवजे की मांग की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गुरसहायगंज कोतवाली के गांव उत्तिमापुर पट्टी निवासी किसान आशाराम शंखवार पहले से निर्मित मकान में दूसरी मंजिल बनवा रहे थे। रविवार की शाम करीब पांच बजे मजदूर लेंटर डाल रहे थे, तभी लेंटर ढह गया। इससे लोहे की सटरिंग के साथ मलबा गिरने से पड़ोस के गांव खेड़ा अनौगी निवासी 30 वर्षीय मजदूर श्यामजीत और 33 वर्षीय ज्ञानेंद्र नीचे दब गए। इससे दोनों की मौत हो गई।

    वहीं हादसे में खेड़ा अनौगी निवासी मजदूर रामलडैते, राम निवास, बबलू, संजू, सुखराम, रजनेश, भूपेंद्र, सूरज, अजय, पप्पू और सोनू घायल हो गए। हादसा होते ही सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे बाद मलबा हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। शवों को बाहर देखते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गया और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

    कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने मुआवजे का आश्वासन देते हुए स्वजन को शांत कराया। हादसे के पीछे मिस्त्री और मकान स्वामी आशाराम की लापरवाही सामने आई है। मजदूर रजनेश ने बताया कि करीब 500 वर्ग मीटर में लेंडर पड़ रहा था। तीन दिन पूर्व लोड बीम डाला गया था। इसके बाद शटरिंग के गार्डर को इसी लोड बीम पर रखा गया था।

    वर्षा के कारण लोड बीम सूखकर मजबूत नहीं हुआ था। इससे लेंडर का वजन पड़ते ही लोड बीम टूट गया। इससे पूरा लेंटर ढह गया। हादसे के बाद मिस्त्री और मकान स्वामी आशाराम फरार हो गए हैं। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि मृतक श्रमिकों के आश्रितों की आर्थिक सहायता की जाएगी।

    comedy show banner
    comedy show banner