यूपी के इस जिले में शुरू हुआ प्रदेश का पहला लग्जरी हेरिटेज होम-स्टे, मिलेंगी ये सुविधाएं
कन्नौज के आनंद भवन पैलेस में प्रदेश का पहला लग्जरी हेरिटेज होमस्टे खुला। यह इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के सहयोग से शुरू हुआ है। यहां पर्यटकों को इत्र की खरीदारी और विदेशी व्यंजनों का आनंद मिलेगा जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। 2024 में 13 लाख पर्यटकों ने कन्नौज का भ्रमण किया था। इस होमस्टे का उद्देश्य राज्य की धरोहर संपत्तियों को संरक्षित करना है।

जागरण संवाददाता, कन्नौज। राजघराने के आनंद भवन पैलेस में प्रदेश का पहला लग्जरी हेरिटेज होमस्टे शुरू किया गया है। यह पहल इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के अमा स्टेज एंड ट्रेल्स ब्रांड के सहयोग से हुई।
पैलेस में पर्यटकों को इत्र की खरीदारी और विदेशी लजीज व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। इससे इत्र और इतिहास की नगरी में पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।
अंग्रेजी शासन काल 1929 में जिले के तिर्वा कस्बा में राजा दिग्विजय नारायण सिंह के स्वामित्व में पांच एकड़ में फैले आनंद भवन पैलेस का निर्माण हुआ हुआ था। यह एक शाही महल है। शनिवार को प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने फीता काट कर आनंद भवन पैलेस को प्रदेश के पहले लग्जरी हेरिटेज होमस्टे के रूप में शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक, पुरानी संपत्तियों पर बने आवास व महल को लग्जरी हेरिटेज होमस्टे के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पटर्यकों को अनोखा और आरामदायक अनुभव मिलता है।
आनंद पैलेस में जैस्मिन, पैचौली, ऊद, नेरोली, गुलाब और बखूर जैसे इत्र मिलेंगे। इसके अलावा नेपाल समेत अन्य देशों के भोजन की सुविधा भी पर्यटकों को मिलेगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष माेहन अग्निहोत्री, यूपी टूरिज्म (इको) के निदेशक प्रखर मिश्रा, अमा होमस्टे के वाइस प्रेसिडेंट सुमित बजाज और विनोद पांडे मौजूद रहे।
हेरिटेज आधारित पर्यटन को बढ़ावा
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार हेरिटेज आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। कन्नौज का आनंद भवन पैलेस इसका उदाहरण है कि किस तरह राज्य की धरोहर संपत्तियों को संरक्षित कर सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।
13 लाख पर्यटकों ने किया था भ्रमण
वर्ष 2024 में कन्नौज में 13 लाख पर्यटकों ने भ्रमण कर ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर इत्र की खरीदारी की थी। बेहतर ठहराव और विदेशी भोजन का पर्यटकों ने सुझाव दिया था। इससे प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार ने आनंद भवन पैलेस को हेरिटेज होमस्टे बनाने का फैसला लिया था।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के हेरिटेज संपत्ति मालिक सरकार के साथ मिलकर विरासत को सहेजने में योगदान दें। ऐसे प्रयास न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाते हैं, बल्कि पर्यटकों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करते हैं।
आनंद पैलेस देश का बना 150 वां विरासत बंगला
आनंद भवन पैलेस देश में 150 वां विरासत बंगला बना गया है। पैलेस के कमरों और परिसर में राजघराने की झलक का एहसास होता है। यहां पहुंचने वाले पर्यटकों का शाही अंदाज में स्वागत किया जाएगा।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि आनंद पैलेस आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के नजदीक तिर्वा कस्बा में है। इससे लखनऊ और आगरा से आसानी से पहुंचा जा सकता है। पर्यटकों के अलावा एक बार स्थानीय लोगों को भी आनंद भवन पैलेस का भ्रमण करना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।