सिपाही ने बिस्तर बंद से निकाली बेल्ट, फंदा बनाकर पेड़ पर लटककर दे दी जान
मथुरा थाना दाऊजी के काजिमपुर निवासी 23 वर्षीय विष्णु सिंह पुत्र रमेश चंद वर्तमान समय में कोतवाली छिबरामऊ के अंतर्गत न्यायालय परिसर स्थित माल खाने में सिपाही पद पर तैनात थे। शुक्रवार सुबह 6.30 बजे के करीब वह सिर में दर्द होने की बात कहकर कमरे से बाहर निकल गए।

संवाद सहयोगी, छिबरामऊ : न्यायालय परिसर के माल खाने में तैनात सिपाही ने किसी बात से परेशान होकर नीम के पेड़ पर बिस्तर बंद की बेल्ट से फंदा लगा कर जान दे दी। साथी सिपाही ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इस बीच सिपाही की मौत हो चुकी थी। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया। घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
मथुरा थाना दाऊजी के काजिमपुर निवासी 23 वर्षीय विष्णु सिंह पुत्र रमेश चंद वर्तमान समय में कोतवाली छिबरामऊ के अंतर्गत न्यायालय परिसर स्थित माल खाने में सिपाही के पद पर तैनात थे। शुक्रवार सुबह 6.30 बजे के करीब वह सिर में दर्द होने की बात कहकर कमरे से बाहर निकल गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर साथी सिपाही उन्हें तलाश करने निकले।
तहसील के पीछे नीम के पेड़ पर बिस्तर बंद की बेल्ट से विष्णु सिंह के शव को लटके देखा। साथी सिपाहियों ने नीचे उतारा। इस बीच उनकी मौत हो चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार कुशवाहा व सीओ दीपक दुबे ने मामले की पड़ताल की। अपर पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। साथी सिपाहियों से जानकारी की। फारेंसिक टीम ने नमूने एकत्रित किए। सिपाही का मोबाइल खिड़की के पास रखा मिला। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी।
सिपाही कि तीन बहने बृजेश, रेनू व नीतू है। तीनों की शादी हो चुकी है। बड़े भाई देवेंद्र व भाभी मोना भी पुलिस में है। भाई नोएडा के थाना सेक्टर पांच में तैनात हैं। वही भाभी की तैनाती मैनपुरी में है। स्वजन को जानकारी होने पर मां भगवान देवी व पत्नी पूजा बदहवास हो गई। विष्णु की शादी एक वर्ष पहले हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है। घटना को लेकर अभी अधिकारी कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार व्यास ने बताया कि सिपाही का शव फंदे पर लटका मिला है। पोस्टमार्टम को भिजवाया जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।