PM आवास योजना: ग्रामीण लाभार्थियों को बड़ी राहत, जल्द मिलेगी पहली किस्त, पूरा होगा पक्के घर का सपना
कन्नौज में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 5,700 नए आवासों का लक्ष्य मिला है। जल्द ही लाभार्थियों को पहली ...और पढ़ें

HighLights
कन्नौज को पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत 5,700 नए आवास मिले।
प्रत्येक लाभार्थी को 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
शौचालय निर्माण और मनरेगा मजदूरी का लाभ भी दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कन्नौज। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (पीएमवाईए-जी) के तहत प्रतीक्षा कर रहे जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अक्टूबर माह में जनपद को 5,700 नए आवासों का भौतिक लक्ष्य प्राप्त हो गया है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले को केवल 328 आवासों का लक्ष्य दिया गया था, जिसके बाद से लंबा अंतराल बना हुआ था। अब नए लक्ष्य के आवंटन के साथ ही योजना के क्रियान्वयन में तेजी आ गई है।
1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
प्राप्त जानकारी के अनुसार शासन द्वारा दिए गए 5,700 आवासों के लक्ष्य को जिले के सभी आठों विकास खंडों में विभाजित किया जाएगा। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को अपने पक्के मकान के निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी। केवल मकान ही नहीं, बल्कि लाभार्थियों को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए अन्य योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा।
प्रत्येक लाभार्थी को इज्जतघर निर्माण के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 हजार रुपये अलग से प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, आवास निर्माण के दौरान लाभार्थी परिवार को सहायता देने के उद्देश्य से बीवीजी रामजी के तहत 90 दिनों की अकुशल मजदूरी का भुगतान भी किया जाएगा। इससे गरीबों पर निर्माण कार्य का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी धनराशि
ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक राम औतार सिंह ने बताया कि शासन स्तर से आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है। लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से आवास निर्माण की पहली किस्त की धनराशि भेज दी जाएगी।
इस घोषणा से ग्रामीण क्षेत्रों में खुशी की लहर है और लंबे समय से अपने पक्के घर का सपना देख रहे सैकड़ों परिवारों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में शौचालय के लिए 25 प्रतिशत परिवार ही मिले पात्र, जल्द मिलेगी पहली किस्त
यह भी पढ़ें- बहराइच में पीएम ग्रामीण आवास सत्यापन पूरा, लाभार्थियों को जल्द मिलेगी पहली किस्त
