Jalaun News : जेठ ने भाई की पत्नी को गोली से उड़ाया, फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए रची बदमाशों के घर में घुसने की साजिश
उत्तर प्रदेश के छिबरामऊ में पारिवारिक झगड़े के चलते एक व्यक्ति ने अपनी भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या को छुपाने के लिए चोरी का नाटक किया गया लेकिन पुलिस ने आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के बच्चों ने सच्चाई उजागर कर दी जिसके बाद पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ । पारिवारिक विवाद में जेठ ने छोटे भाई की पत्नी की कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस और मृतका के मायके पक्ष को गुमराह करने के लिए आरोपित ने परिवार के लोगों के साथ घर में बदमाशों के घुसने की साजिश रची। पूछताछ करने पर आरोपित के बच्चों ने गाली-गलौज के बाद पिता द्वारा चाची की गोली मारकर हत्या करने की बात कबूली। इससे पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त अवैध पिस्टल बरामद करते हुए आरोपित जेठ, पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया।
छिबरामऊ कोतवाली के गांव नारायनपुर रणवीरपुर निवासी कृष्णकांत शाक्य की दो दिसंबर 2024 को मैनपुरी के कस्बा भोगांव के मुहल्ला चौधरी निवासी अरविंद की 23 वर्षीय बेटी निक्की शाक्य से शादी हुई थी। कृष्णकांत के घर में मां माया देवी, बहन रानी देवी, बड़ा भाई प्रवीण, उसकी पत्नी शिवानी रहते थे। इसके अलावा प्रवीण की आठ वर्षीय बेटी और छह वर्षीय बेटा रहता था। बीते कुछ दिनों से मां माया देवी की तबीयत खराब थी।
इससे छिबरामऊ के अस्पताल में माया देवी भर्ती थी। बुधवार की रात करीब 11 बजे शिवानी अपनी सास माया देवी के साथ अस्पताल में ठहरी थी। बुधवार की दोपहर कृष्णकांत ने आठ वर्षीय भतीजी और भतीजी को तेज धक्का देकर झूला झुला रहा था। इससे दोनों बच्चों रोने लगे। इसी बात को लेकर प्रवीण ने कृष्णकांत को डांट दिया था। रात करीब 10 बजे जब कृष्णकांत मां को देखकर अस्पताल से घर लौटा, तो प्रवीण शराब के नशे में कृष्णकांत को गाली देने लगा। इस दौरान गालियों का विरोध करने के लिए जैसे ही निक्की ने दरवाजा खोला, तो प्रवीण अवैध 32 बोर पिस्टल से बाएं कनपटी पर आंख के पास गोली मार दी। इससे निक्की ने घटना स्थल पर दम तोड़ दिया।
हत्या की साजिश रच दी
हत्या को छिपाने के लिए कृष्णकांत, प्रवीण और रानी ने घर में बदमाशों के घुसने और चोरी का विरोध करने पर निक्की की हत्या की साजिश रच दी। सभी लोगों ने आंगन में बक्सों का सामान निकाल कर बिखरा दिया। निक्की के कमरे में मौजूद जेवर हटाकर दूसरे कमरे में छिपा दिए इसके बाद सभी घर में बदमाश घुसने का शोर मचाने लगे। इस दौरान कृष्णकांत ने मायके पक्ष को फोन कर बदमाशों द्वारा निक्की की हत्या की जानकारी दी। रात करीब 12 एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ सुरेश कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी मौके पर पहुंच गए। स्वजन की ओर से बताई गई चोरी की कहानी में झोल समझ आया।
इस पर पुलिस ने प्रवीण के बच्चों को एक कमरे में ले जाकर पूछताछ की, तो दोनों ने बताया कि पापा गाली दे रहे थे। जैसे ही चाची ने दरवाजा खोला, तो गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद सख्ती से पूछने पर प्रवीण और परिवार के अन्य लोगों ने वारदात को कबूल कर लिया। पुलिस ने पिस्टल भी बरामद करा ली। मृतका निक्की के पिता ने दामाद कृष्णकांत, उसके भाई प्रवीण और रानी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसमें बताया कि प्रवीण सनकी है। दामाद ने तेज झोंका देकर उसके बच्चों को झूला झुलाया था। इससे सनक में आकर उसने निक्की की गोली मारकर हत्या कर दी। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि हत्यारोपित प्रवीण, कृष्णकांत और रानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पारिवारिक मामूली विवाद में प्रवीण ने गोली मारकर निक्की की हत्या कर दी थी।
प्रवीण के पास कहां से आई पिस्टल
निक्की की हत्या के बाद अब सवाल यह उठता है कि आखिर हत्यारोपी प्रवीण के पास यह पिस्टल कहां से आई। वह पिछले कितने दिनों से यह पिस्टल अपने साथ रखता था। इस पिस्टल से किसी अन्य वारदात को अंजाम तो नहीं दिया गया, अब पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है।
निक्की ने मां से शाम को फोन करने की कही थी बात
बुधवार की दिन में मृतका निक्की ने अपनी मां ममता को फोन किया था। उसने अपनी मां को सास के बीमार होने की बात बताई थी। ममता को कुछ आशंका हुई तो उसने बेटी से पूछा था कि क्या कोई बात है, जिस पर उसने शाम को फोन करके अपनी बात बताने के लिए कहा था। लेकिन शाम को मां और बेटी के बीच में बात नहीं हो पाई।
चार दिन से मां का इलाज करा रहा था पति, रात में ही पहुंचा था घर
मृतका का पति कृष्णकांत शाक्य की मां माया बीमार चल रही हैं। वह पिछले चार दिन से अपनी मां को छिबरामऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए है। बुधवार की रात में ही पति कृष्णकांत शाक्य अपने घर पहुंचा था जबकि उसकी भाभी शिवानी अस्पताल में रुकी थी। कृष्णकांत की दो बहनें हैं, जो शादीशुदा हैं। बड़ी बहन आदित्य कुमारी अपनी ससुराल में रह रही है जबकि छोटी बहन रानी का ससुराल में विवाद चलने के कारण वह पिछले तीन-चार वर्षों से अपने मायके में रह रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।