विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्जी दारोगा बन कन्नौज में खूब झाड़ता रौब, झोले में रखता था दो नेम प्लेट, वर्दी और कैप, फिर असली पुलिस के चढ़ा हत्थे

Published: Tue, 13 Oct 2026 04:32 PM (IST)

कन्नौज में पुलिस ने एक फर्जी दारोगा संजीव कुमार को गिरफ्तार किया है, जो वर्दी पहनकर लोगों से वसूली करता ...और पढ़ें

सदर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में फर्जी दारोगा संजीव कुमार। स्रोत पुलिस

सदर कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में फर्जी दारोगा संजीव कुमार। स्रोत पुलिस 

HighLights

  1. कन्नौज में फर्जी दारोगा संजीव कुमार लोगों से वसूली करता था

  2. पुलिस ने उसे वर्दी और नेम प्लेट के साथ गिरफ्तार किया

  3. 30 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए करता था ठगी

जागरण संवाददाता, कन्नौज। फर्जी दारोगा बनकर लोगों को रौब दिखा कर वसूली करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। किराये के कमरे में रहकर वह आसपास के लोगों को एंटी करप्शन में तैनाती बताकर ठगी करता था। इससे पहले भी कानपुर पुलिस ने युवक को दारोगा की वर्दी पहने मिलने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

मंगलवार सुबह तिर्वा क्रासिंग के पास जीटी रोड पर दुकान रखे लोगों ने यूपी डायल-112 को सूचना दी कि एक दारोगा वर्दी पहनकर रौब दिखाकर उन लोगों से रुपयों की मांग कर रहा है। इस पर सदर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा। इस पर सिपाहियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ करने पर फर्जी दारोगा ने अपना नाम संजीव कुमार निवासी फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद के गांव नगला नीयू रठौरा बताया। उसके झोले से पुलिस ने दो नेम प्लेट, उत्तर प्रदेश पुलिस के दारोगा एक वर्दी और कैप बरामद की। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने संजीव कुमार को जेल भेज दिया।

एसपी विनोद कुमार ने बताया कि संजीव कुमार पर 30 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। कर्जदारों से परेशान होकर संजीव कुमार तिर्वा क्रासिंग के पास किराये का कमरा लेकर रहने लगा था। यहीं से वह लोगों को अपना शिकार बना रहा था। इससे पहले वर्ष 2024 में उसे कानपुर के कल्याणपुर थाना पुलिस ने वर्दी पहने मिलने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से छूटने के बाद वह फिर वर्दी पहनकर लोगों को रौब दिखाकर वसूली करने लगा था।

यह भी पढ़ें- शादी की जिद... कन्नौज में 38 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, टावर पर पुलिस के सामने प्रेमी ने भरी मांग; फिर साथ उतरे

यह भी पढ़ें- कन्नौज में पक्षी प्रेम की अनोखी मिसाल: लापता तोते के लिए मालिक ने लगाए होर्डिंग, खोजने पर 50 हजार और खबर देने पर 10 हजार इनाम