UP Crime News: झांसी में बीच सड़क पर पत्नी के सामने गोली मारकर पति की हत्या, पूर्व प्रधान ने की वारदात
उत्तर प्रदेश के झांसी में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अरविंद यादव अपनी पत्नी के साथ बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे थे तभी पूर्व प्रधान रिंकू यादव ने साथियों संग मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुरानी रंजिश के चलते हुई इस हत्या के बाद इलाके में तनाव है और पुलिस जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, झांसी। सीपरी बाजार क्षेत्र में झांसी-बालाजी उन्नाव रोड पर सोमवार दोपहर पत्नी के सामने उसके पति की हत्या गोलियां मारकर कर दी गई। दंपती बैंक से दो लाख रुपये निकाल कर गांव लौट रहे थे, तभी पूर्व प्रधान रिंकू यादव ने साथियों के साथ रास्ता रोक कर यह दुस्साहसिक वारदात की।
पत्नी बचाने आई तो उसे थप्पड़ मारने के बाद धक्का देकर आरोपित भाग गए। रुपये भी साथ ले गए। हत्या 2019 की पुरानी रंजिश में की गई। तब गांव में तत्कालीन ग्राम प्रधान (आरोपित पूर्व प्रधान) की ओर से सीसी सड़क बनवाने के दौरान जमना प्रसाद का पुत्र अर्जुन वहां से निकल गया, जिससे उसके पैर के निशान बन गए थे।
अर्जुन के साथ मारपीट की जानकारी जब उसके भाई और चचेरे भाइयों को हुई तो ग्राम प्रधान के घर पहुंचे, जहां विवाद होने पर प्रधान के चाचा मुन्ना यादव को गोली मार दी। भगवती यादव ने आरोप लगाया था कि प्रधान पक्ष ने उसके पुत्र नरेश की हत्या कर शव को गायब कर दिया।
सूत्र बता रहे हैं कि इसी रंजिश में सोमवार को दूसरी हत्या कर दी गई। शहर से महज सात किलोमीटर दूर भोजला गांव निवासी भगवती यादव के पुत्र अरविंद यादव भैंसों की खरीद व बेचने का काम करते थे।
सोमवार दोपहर लगभग 12.30 बजे वह पत्नी संग बुलेट पर सवार होकर बैंक से रुपये निकाल कर लौट रहे थे। गांव के पास पूर्व ग्राम प्रधान रिंकू यादव ने दोनों को रोक लिया। इसके पहले अरविंद कुछ समझ पाते, तभी रिंकू ने अपने साथियों के साथ तमंचे से ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं।
पेट और पीठ में गोली लगने से अरविंद अचेत होकर सड़क पर गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुकानें बंद हो गईं। मेडिकल कालेज में अरविंद को मृत घोषित कर दिया गया।
इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए कई थानों का फोर्स तैनात कर दिया गया। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्राथमिक जांच में पुरानी दुश्मनी सामने आ रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।