यूपी के ललितपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप, सैकड़ों चमगादड़ों की मौत; SDM के निर्देश पर पहुंचे रेंजर
Jhansi News ललितपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तालबेहट के सेरवासकलाँ गाँव में नर्सिंग मंदिर के पास बरगद के पेड़ के नीचे सैकड़ों चमगादड़ मृत पाए गए। पशु चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक तापमान के कारण चमगादड़ों की मौत हुई है। वन विभाग ने मृत चमगादड़ों को दफनाकर क्षेत्र में छिड़काव कराया।

जागरण संवाददाता, ललितपुर। भीषण गर्मी का प्रकोप आम जनमानस के साथ पशु-पक्षियों पर भी पड़ना शुरू हो गया है। दिन के साथ-साथ रातें भी अत्याधिक गर्म हो रहीं हैं। जिसके चलते आमजन के साथ जीव-जन्तुओं का हाल-बेहाल है।
तालबेहट विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम सेरवासकलाँ स्थित नर्सिंग मन्दिर में लगे बरगद के पेड़ के नीचे सैकड़ों चमगादडें मृत मिलीं। जब सुबह ग्रामीण मन्दिर गये तो उन्होंने वहाँ मृत पड़े सैकड़ों चमगादड़ों की सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलने के बाद उप-जिलाधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने निर्देश पर वनक्षेत्राधिकारी पीडी यादव टीम के साथ मौके पर पहुँचे और जाँच-पड़ताल की।
पशु चिकित्सकों की मानें तो चमगादड़ 40 डिग्री से अधिक तापमान सहन नहीं कर पाते हैं। इन दिनों तापमान 40 डिग्री से अधिक हो रहा है, जो पशु-पक्षियों के साथ-साथ आमजन मानस के लिये भी घातक साबित हो रहा है। चमगादड़ों की मौत का कारण भीषण गर्मी बतायी जा रही है।
बीते वर्ष भी यहाँ एवं ललितपुर रेंज के जाखलौन व दैलवारा में भी गर्मी के प्रकोप से सैकड़ों चमगादड़ों की मौत हो गयी थी। शेरवास स्थित नर्सिंग मन्दिर पर लगे पेड़ पर सैकड़ों की संख्या में चमगादड़ रहते हैं। दिन के समय तो यह चमगादड़ पेड़ पर ही रहते और रात के समय यहाँ-वहाँ घूमते रहते हैं।
मंगलवार व बुधवार की सुबह सैकड़ों की संख्या में पेड़ के नीचे व पेड़ पर लटके चमगादड़ मृत अवस्था में मिले। चमगादड़ों की मौत से भयानक दुर्गंध उठ रही है। जिससे बीमारियों का अंदेशा बना हुआ है। चमगादड़ों की मौत से वन विभाग में हडक़म्प मच गया।
ग्राम सेरवासकलाँ में नर्सिंग मन्दिर पर लगे बरगद के पेड़ के समीप चमगादड़ों के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जाँच की गई। मृत पड़े चमगादड़ों को कर्मियों की मदद से दफना दिया गया है। साथ ही बीमारियाँ न फैलें इसके लिए छिड़काव कराकर चमगादड़ों के लिए तरबूज व पानी का प्रबन्ध करा दिया गया है। फिलहाल चमगादड़ों की मौत भीषण गर्मी के कारण ही होना माना जा रहा है।
-पीडी यादव ,वन क्षेत्राधिकारी, तालबेहट।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।