विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झांसी में लव पटेल ने पिता की पिस्टल से खुद को मारी गोली, मां की मौत के 17 साल बाद बेटे ने भी की आत्महत्या

Published: Sun, 25 Oct 2026 04:24 PM (IST)

झांसी में 19 वर्षीय लव पटेल ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

News Article Hero Image

HighLights

  1. लव पटेल ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से की आत्महत्या।

  2. आत्महत्या से पहले वीडियो में मां के पास जाने की बात कही।

  3. मां ने भी 17 साल पहले आत्महत्या की थी।

जागरण संवाददाता, झांसी। मां की मौत के बाद से पिता के साथ रह रहे 19 वर्षीय लव पटेल ने रविवार सुबह पिता की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। सिर में गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर कमरे में गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़े, लेकिन दरवाजा बंद मिला। पिता मुन्नालाल पटेल को सूचना दी गई तो वह खेत से घर पहुंचे। बेटे को लेकर गुरसराय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बीए द्वितीय वर्ष के छात्र लव ने जान देने से पहले मोबाइल पर वीडियो बनाया था। इसमें उसने पिता से कहा, ‘मैंने आपको बहुत कष्ट दिए हैं। जब तक रहूंगा, कष्ट देता रहूंगा। अब मैं अपनी मां के पास जा रहा हूं।’ उसने अपने पैसों का जिक्र करते हुए कहा कि उसे पैसे नहीं चाहिए, उन्हें अपने पास रखो। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मां की मौत के बाद पिता के साथ रह रहा था लव

गांव सिंगार निवासी मुन्नालाल पटेल ग्राम विकास अधिकारी के पद से 10 वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। अब वह खेती-किसानी करते हैं। मुन्नालाल की पहली पत्नी हेमलता से संतान नहीं हुई तो उन्होंने संगीता पटेल से दूसरी शादी की थी। संगीता से बेटे लव का जन्म हुआ। सितंबर 2009 में संगीता ने आग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद लव पिता के साथ रहने लगा था। मां की मौत के समय वह काफी छोटा था। परिवार में पिता और सौतेली मां हेमलता थीं।

खेत से लौटे पिता तो खून से लथपथ मिला बेटा

मुन्नालाल ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह करीब आठ बजे वह पत्नी हेमलता के साथ खेत पर गए थे। घर पर लव अकेला था। सुबह करीब 10 बजे पड़ोसियों ने फोन कर घर से गोली चलने की आवाज आने की जानकारी दी। वह दौड़कर घर पहुंचे तो कमरे में लव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। पास में ही पिस्टल पड़ी थी। वह तत्काल बेटे को लेकर गुरसराय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

वीडियो में कहा- किसी की गलती नहीं, मैं अपनी मर्जी से यह कर रहा हूं

पुलिस को लव के मोबाइल से घटना से पहले बनाया गया वीडियो मिला है। इसमें वह अपने माता-पिता को कष्ट देने की बात कहता है और अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराता।

वीडियो में वह कहता है कि न उसके दोस्तों की गलती है, न परिवार और न ही किसी रिश्तेदार की। मां की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए वह कहता है कि वह उन्हीं के पास जा रहा है। पैसों का जिक्र करते हुए पिता से उन्हें अपने पास रखने की बात भी कहता है।

तनाव में रहता था, नींद न आने की भी थी परेशानी

मुन्नालाल ने पुलिस को बताया कि लव तनाव में रहता था और अक्सर बीमार भी रहता था। उसे रात में नींद नहीं आती थी, इसलिए वह कई बार नींद की दवा लेता था। हालांकि, उसने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलते ही गुरसराय थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और मोबाइल में मिले वीडियो की जांच शुरू कर दी है। छात्र की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें- झांसी में नौकर ने चोरी के पैसे से सौतेले बाप को दिलाई Maruti Ertiga, पुलिस ने किया गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- झांसी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर चुनाव आयोग सख्त, अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण; प्रशासन में अफरातफरी