उत्कल एक्सप्रेस से एक-एक ट्रॉली बैग लेकर उतरे तीन लोग, हावभाव पर हुआ शक… तलाशी लेते ही उड़े होश
झांसी स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने चेकिंग के दौरान 2 महिलाओं समेत 3 तस्करों को 63 किलो मादक पदार्थ के साथ पकड़ा।

झांसी: पुलिस गिरफ्त में गांजा तस्कर।
HighLights
झांसी स्टेशन पर 63 किलो गांजे के साथ तीन तस्कर पकड़े गए।
पकड़े गए गांजे की कीमत 32 लाख रुपये बताई जा रही है।
उत्कल एक्सप्रेस से ओडिशा से गांजा लाकर दतिया ले जा रहे थे।
जागरण संवाददाता, झांसी। आरपीएफ व जीआरपी टीम ने रविवार सुबह चेकिंग के दौरान स्टेशन से 2 महिलाओं समेत 3 तस्करों को पकड़ा। उनके पास से 32 लाख रुपये मूल्य का गांजा मिला। यह गांजे की खेप झांसी से दतिया (मध्य प्रदेश) तक सड़क के रास्ते ले जाने की तैयारी थी।
पकड़े गये आरोपी पहले भी चोरी छिपे गांजा लेकर दतिया जाते थे। पूछताछ में दतिया के कुछ तस्करों के नाम भी मिले हैं। जीआरपी में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नवरात्र व दशहरा पर्व को लेकर आरपीएफ ने ऑपरेशन नारकोस के तहत झांसी स्टेशन पर चेकिंग के दौरान दतिया के थाना सिविल लाइन स्थित उनाव रोड मामाजी का बाग निवासी यशवन्त साहू, सोनिया साहू और सोनम को पकड़ा। तीनों अपने-अपने ट्रॉली बैग में लगभग 63 किलो गांजा लिये थे। पूछताछ करने पर पता चला कि तीनों मिलकर गांजे की तस्करी करते हैं।
रविवार सुबह तीनों उत्कल एक्सप्रेस से उड़ीसा से लेकर गांजा लेकर झांसी पहुंचे थे, इसी दौरान चेकिंग कर रही पुलिस टीम को तीनों पर कुछ अंदेशा हुआ, जिसके बाद तलाशी ली गई तो तीनों को गांजे के साथ दबोच लिया। टीम में निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक उप-निरीक्षक नवीन कुमार, राजकुमार वर्मा, उमेश कुमार, सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, गुरमीत सिंह, विजेन्द्र सिंह तोमर, दशरथ सिंह व जीआरपी से एसआइ शेरे आलम खाँ मौजूद रहे।
